Jamshedpur : गोलमुरी थाना क्षेत्र के बजरंग नगर में एक अप्रैल को आकाश सिंह नामक युवक पर चापड़ से हमला कर उसे घायल कर दिया गया था। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों आकाश सिंह के ससुर प्रकाश सिंह और प्रकाश सिंह के एक अन्य दामाद सन्नी चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के पास से घटना में प्रयुक्त चापड़ बरामद कर लिया गया है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस मामले में घायल आकाश सिंह के परिजन बलविंदर सिंह के आवेदन पर सन्नी चौधरीं उसके भाई सूरज चौधरी और सन्नी चौधरी के पिता संतोष चौधरी समेत कई अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इसी के बाद पुलिस ने गिरफ्तारी की कार्रवाई की है।
दूसरी तरफ, इस मामले में क्रॉस केस दर्ज हुआ है। पुलिस ने चापड़ से हमला करने के आरोपी प्रकाश सिंह की तरफ से भी प्राथमिकी दर्ज की है। प्रकाश सिंह की तरफ से आकाश सिंह के भाई राहुल केला और अन्य के खिलाफ धारदार हथियार से हमला करने की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश में यह विवाद हुआ था। एक अप्रैल को आकाश सिंह पर चापड़ से हमले के बाद उसे टीएमएच में भर्ती किया गया, यहां उसका इलाज चल रहा है।
गोविंदपुर में एक तेज रफ्तार कार ने मचाई तबाही
गोविंदपुर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर में एक तेज रफ्तार कार ने तबाही मचाई है। यह कार पिंकी सिंह के घर में घुस गई। उनके घर की बाउंड्री वॉल टूट गई। बताते हैं कि दुर्घटना को अंजाम देने के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद, पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है। इस घटना में पिंकी सिंह के घर में खड़े कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। पिंकी सिंह ने कार मालिक से नुकसान की भरपाई की मांग की है। मामले में कार मालिक और चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
बारीडीह बाजार से बाइक चोरी
इन दिनों जमशेदपुर में बाइक चोरी की घटनाएं फिर बढ़ गई है। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह बाजार से बिरसानगर के जोन नंबर 10 के रहने वाले लोकेश नाथ मिश्रा की बाइक चोरी हो गई। उन्होंने अपनी बाइक एक टेंट हाउस के सामने खड़ी की थी। सिदगोड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस बाइक की तलाश में जुट गई है।
सरायकेला में अनियंत्रित पिकअप वैन पलटी

सरायकेला-खरसावां जिले के सरायकेला थाना क्षेत्र में शनिवार को एक पिकअप वैन बेकाबू होकर पलट गई। यह दुर्घटना कांड्रा-सरायकेला रोड पर पिक अप वैन पलट गई। इस पर थिनर लदा हुआ था। दुर्घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। वाहन को सड़क से हटाया गया और फिर आवागमन सुचारू हो सका।
Read also –Jharkhand Politics: कांग्रेस-झामुमो के रिश्तों में कड़ुवाहट के बीच सरकार की सेहत पर सवाल

