जामताड़ा । झारखंड के जामताड़ा के पास शनिवार दोपहर एक जयनगर-पुरी एक्सप्रेस की एक बोगी से अचानक धुआं उठने लगा। इससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की अफवाह फैलते ही लोग जान बचाने के लिए ट्रेन से उतरकर इधर-उधर भागने लगे।
यह घटना जामताड़ा रेलवे स्टेशन से करीब एक किलोमीटर पहले सहना गांव के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन की जनरल बोगी से अचानक धुएं का गुबार निकलने लगा, जिससे बोगी में बैठे यात्रियों में दहशत फैल गई। किसी बड़ी अनहोनी की आशंका से घबराए यात्रियों ने जैसे ही ट्रेन की रफ्तार धीमी हुई, तुरंत नीचे उतरना शुरू कर दिया।
तकनीकी टीम और रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना के बाद कुछ समय तक मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बनी रही। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन तुरंत हरकत में आया। तकनीकी टीम और रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। जांच दल ने संबंधित बोगी की जांच शुरू की और धुएं के कारणों का पता लगाने में जुट गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह धुआं किसी तकनीकी खराबी या ब्रेक सिस्टम से जुड़ी समस्या के कारण उठने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
इस दौरान ट्रेन करीब आधे घंटे तक सहना गांव के पास खड़ी रही। रेलवे कर्मियों ने यात्रियों को शांत कराया और सुरक्षा का भरोसा दिलाया। स्थिति सामान्य होने के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया।
रेलवे प्रशासन ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस तरह की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जांच की जा रही है। फिलहाल सभी यात्री सुरक्षित हैं और बड़ा हादसा टल गया।
Read Also_: http://Kodarma Eephant Attack: कोडरमा में होटल में घुस गया हाथी; कर्मी को किया घायल, मचाया उत्पात

