Jamshedpur : जमशेदपुर में रविवार को कथित तौर पर लू लगने से जमशेदपुर में दो लोगों की मौत हो गई है। इनमें से एक अधेड़ की बिष्टुपुर में मौत हुई है, जबकि दूसरे व्यक्ति की मौत बर्मामाइंस ट्यूब डिवीजन गेट के पास हुई।
बिष्टुपुर में कोल्ड स्टोरेज के पास रविवार को एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। व्यक्ति का नाम संतोष है। बताते हैं कि वह बिष्टुपुर इलाके में कबाड़ चुनकर अपना गुजारा करता था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रविवार की दोपहर अचानक संतोष गिर पड़ा। आसपास के लोग वहां पहुंचे।
लोगों ने उसे उठाने की कोशिश की। लेकिन तब तक उसके प्राण पखेरू उड़ चुके थे। इन दिनों जमशेदपुर में भीषण गर्मी पड़ रही है। लू भी चल रही है। लोग आशंका जाता रहे हैं कि शायद उसे लू लग गई होगी और इसी के चलते उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही संतोष की मौत का वास्तविक कारण पता चलेगा।
बर्मामाइंस में मजदूर की मौत
बर्मामाइंस में ट्यूब डिवीजन गेट के पास एक व्यक्ति की मौत हुई। व्यक्ति के नाक और मुंह से खून निकल रहा था। लोगों ने फौरन घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल के शीत गृह भेज दिया है। मृतक का नाम प्रकाश राव बताया जा रहा है। वह मजदूरी करता था।

