रांची : झारखंड में विधानसभा चुनाव में अब कुछ दिन का समय ही बचा है। प्रदेश में चुनाव तारीख 13 नवंबर 2024 से 20 नवंबर 2024 तक किये जाएंगे। जैसे-जैसे चुनाव के दिन नजदीक आ रहे हैं, उसी अनुसार तैयारी की गति भी बढ़ रही है। इस मद्देनजर झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) के. रवि कुमार ने मतदान का असर दैनिक जीवन पर ना हो, इसके लिए आज निर्वाचन सदन से सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारियों एवं वाहन प्रबंधन कोषांग के पदाधिकारियों के साथ ऑनलाइन मीटिंग की।
रवि कुमार ने कहा कि मतदान के दिन सार्वजनिक परिवहन को प्रभावित होने से बचाने के लिए वाहनों का प्रबंधन किया जाना चाहिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया, कि लोगों को आसानी से यात्रा करने और दैनिक जीवन को प्रभावित न करने के लिए प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने मीटिंग में सभी को सभी को ये निर्देश दिए हैं।
स्कूल बसों का उपयोग
के रवि कुमार ने बताया कि स्कूल बसों का उपयोग चुनाव कार्य के लिए किया जा सकता है, लेकिन केवल मतदान कर्मचारियों को लाने-ले जाने के लिए ही। साथ ही इस बात का ध्यान रखा जाना चाहिए, कि यह स्कूली कक्षाओं पर न्यूनतम प्रभाव पड़े। उन्होंने सुझाव दिया कि स्कूली वाहनों को 11 नवंबर की शाम को चुनाव कार्य के लिए, 13 नवंबर को मतदान के लिए बुलाया जाए और अगली सुबह स्कूलों में वापस कर दिया जाए। इस तरह, स्कूल केवल एक दिन के लिए वाहनों के बिना रहेंगे। और 20 नवंबर को दूसरे दौर के मतदान के लिए, स्कूली वाहनों का उपयोग न्यूनतम रखा जाना चाहिए।
जरूरत के अनुसार वाहनों का प्रबंधन
उन्होंने कहा कि वाहन प्रबंधन को आस-पास के जिलों और राज्यों के साथ समन्वय करके पर्याप्त वाहन उपलब्ध कराना चाहिए। इन वाहनों के बारे में विवरण आयोग की वाहन प्रबंधन प्रणाली में दर्ज किया जाना चाहिए। वाहन उपयोग की रिपोर्ट मुख्यालय को समय पर भेजी जाए तथा सभी दिशा-निर्देशों का पालन किया जाए। वाहनों के उपयोग की दरें भी निर्धारित की गई हैं, जिनका चुनाव के दौरान पालन किया जाना जरूरी है।
वाहनों के लिए भुगतान
रवि कुमार ने बताया कि विधानसभा चुनाव के दौरान निजी व सरकारी वाहनों के साथ-साथ अन्य राज्यों के वाहनों का भी नियमानुसार उपयोग किया जाए। इन वाहनों के लिए समय पर भुगतान की व्यवस्था की जाए एवं उन्होंने कहा कि वाहनों के इस्तेमाल से संबंधित रिपोर्ट तय समय में मुख्यालय को भेजें।
बैठक में उपस्थित लोग
इस बैठक में राज्य पुलिस नोडल पदाधिकारी एवी होमकर, सचिव, परिवहन विभाग कृपानंद झा, अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी डॉ नेहा अरोड़ा, डीआईजी इंद्रजीत महथा, डीआईजी धनंजय सिंह सहित यातायात विभाग के वरीय पदाधिकारियों के साथ मुख्य निर्वाचन कार्यालय के वाहन प्रबंधन कोषांग के पदाधिकारी उपस्थित थे।

