Ranchi : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दो दिवसीय झारखंड दौरे के बाद प्रदेश संगठन अब जिलों में व्यापक प्रवास कार्यक्रम की तैयारी में जुट गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर नई प्रदेश कार्यसमिति के सदस्यों को जिला प्रभारियों के साथ विभिन्न जिलों में प्रवास पर भेजने की योजना बनाई जा रही है।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और उनकी टीम भी जिलों का दौरा करेगी। इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ संवाद स्थापित करने और स्थानीय मुद्दों पर फीडबैक लेने पर विशेष जोर दिया जाएगा। साथ ही जिला स्तर पर प्रबुद्ध जनों को संगठन से जोड़ने और उनके बीच विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने की भी रणनीति तैयार की जा रही है।
भाजपा नेतृत्व ने आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने का फैसला किया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश नेताओं को राज्य सरकार की कथित विफलताओं को लेकर जिलों में जनआंदोलन और जनसंपर्क कार्यक्रम चलाने का सुझाव दिया है।
संगठन के प्रवास कार्यक्रमों की विस्तृत रिपोर्ट भी तैयार की जाएगी, जिसे भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व को भेजा जाएगा। इसी तरह जिलाध्यक्षों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में प्रवास कर संगठनात्मक गतिविधियों और कार्यक्रमों की रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व के माध्यम से राष्ट्रीय अध्यक्ष तक पहुंचानी होगी।
भाजपा का मानना है कि लगातार जमीनी स्तर पर सक्रियता और जनसंपर्क अभियान के माध्यम से संगठन को और मजबूत किया जा सकता है तथा आगामी चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार किया जा सकता है।
Read Also: Jharkhand Rajyasabha Election : परिमल नथवानी का नामांकन वैध घोषित, मुकाबला हुआ त्रिकोणीय

