चाईबासा (झारखंड) : पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया प्रखंड के दामोदरपुर जैरपी मैदान में आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन सोमवार को हुआ। फाइनल मुकाबले में बजरंगी स्टार चाईबासा ने एसडीएम-11 सरायकेला को 1–0 से हराकर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। निर्णायक गोल नितेश बारी ने दागा।
विजेता और उपविजेता को मिला पुरस्कार
विजेता टीम बजरंगी स्टार को मुख्य अतिथि सांसद जोबा माझी ने एक लाख रुपये नगद और ट्रॉफी प्रदान की। उपविजेता एसडीएम-11 को 70 हजार रुपये और ट्रॉफी दी गई। प्रतियोगिता में कुमारडूंगी एफसी ने तीसरा स्थान जबकि बसंती एफसी चौथे स्थान पर रहा।
सांसद जोबा माझी का संदेश
सांसद जोबा माझी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल हमें अनुशासन और धैर्य सिखाता है। हार और जीत खेल का हिस्सा हैं, लेकिन गलतियों से सीखकर आगे बढ़ना ही असली सफलता है। उन्होंने खिलाड़ियों को निबंधित टीम से खेलने की सलाह दी ताकि उन्हें बड़े मंच तक पहुंचने का मौका मिले। साथ ही बताया कि सरकार खेल को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को नौकरी देने के लिए कई योजनाएं चला रही है।
ग्रामीणों की भारी मौजूदगी
भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण दर्शक मैच देखने पहुंचे। इस मौके पर सीओ ऋषिदेव कमल, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष जुडिया सिंकू, जिप सदस्य प्रमिला पिंगुवा, मुखिया रीना सिंकू समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

