जमशेदपुर : जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर घाटशिला उपचुनाव में मतदाता सूचना पर्ची का घर-घर वितरण शुरू हो गया है। निर्वाचन विभाग ने 5 नवंबर तक सभी मतदाताओं को पर्ची उपलब्ध कराने का लक्ष्य तय किया है। इसी के तहत अलग-अलग क्षेत्रों में तैनात बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) लोगों के घर पहुंचकर मतदाता सूचना पर्ची के साथ मतदान के लिए प्रेरित कर रहे हैं और 11 नवंबर को बूथ पर जाकर मतदान करने की अपील कर रहे हैं।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने आरओ और एआरओ को निर्देश दिया है कि बीएलओ के माध्यम से हर मतदाता तक सूचना पर्ची पहुंचाई जाए, ताकि कोई भी मतदाता मतदान प्रक्रिया से वंचित न रहे। कुल 300 मतदान केंद्रों से जुड़े बीएलओ मतदाता सूचना पर्ची के साथ रंगीन वोटर गाइड भी दे रहे हैं। इस गाइड में चित्रों के माध्यम से बताया गया है कि ईवीएम पर वोट कैसे देना है और भारत निर्वाचन आयोग द्वारा उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की जानकारी भी दी गई है। इसमें सक्षम-ईसीआई ऐप, वोटर हेल्पलाइन ऐप, नो योर कैंडिडेट ऐप और सी-विजिल ऐप का उपयोग कैसे करें, इसकी जानकारी शामिल है। गाइड में पंजीकरण प्रक्रिया, दिव्यांगजनों और वरिष्ठ मतदाताओं को घर से मतदान की सुविधा तथा डाक मतपत्र से मतदान के प्रावधान का विवरण भी दिया गया है।
मतदाता सूचना पर्ची के आगे वाले भाग में निर्वाचक नामावली में भाग संख्या और मतदाता का नाम, क्रम संख्या, पोलिंग स्टेशन का नाम, मतदान की तिथि और क्यूआर कोड दर्ज है। पीछे वाले भाग में पोलिंग स्टेशन का नक्शा, बीएलओ का नाम और संपर्क नंबर, मतदान के लिए मान्य वैकल्पिक पहचान पत्रों की सूची और जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। यदि किसी मतदाता को सूचना पर्ची प्राप्त नहीं होती है, तो वह 1950 हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर शिकायत दर्ज करा सकता है। शिकायत के बाद संबंधित बीएलओ पर्ची उपलब्ध कराएंगे।
Read Also- Ghatsila By-Election 2025 : EVM व VVPAT मशीनों की कमीशनिंग पूरी, मॉक पोल में रिजल्ट और पर्चियां मैच

