
लातेहार: जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। मनिका प्रखंड की बरकाडीह पंचायत में तैनात पंचायत सचिव नागेश्वर रजक को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया है।
एसीबी को पंचायत सचिव के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत मिली थी। शिकायत की गोपनीयता और सत्यता जांचने के बाद एसीबी ने आरोपी को पकड़ने का पूरा ताना-बाना बुना। जैसे ही शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली गई, पहले से घात लगाकर बैठी एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के तुरंत बाद टीम आरोपी सचिव को अपने साथ ले गई। उससे गहन पूछताछ की जा रही है। विभाग द्वारा मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

