
रांची: ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने आश्वस्त किया है कि सरकार आंदोलन कर रहे छात्रों की हर बात सुनने को तैयार है। उन्होंने कहा कि आज ही छात्रों के प्रतिनिधिमंडल से बातचीत की जाएगी और उम्मीद है कि चर्चा के जरिए जल्द ही कोई ठोस समाधान निकाल लिया जाएगा।
वह गुरुवार को झारखंड विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत कर रही थीं। नियुक्तियों में गड़बड़ी के आरोपों पर रुख साफ करते हुए कहा कि यह कहना गलत होगा कि पूरी भर्ती प्रक्रिया ही फर्जी है। कुछ मामलों में अनियमितता हो सकती है, जिसकी जांच जारी है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। हालांकि, उन्होंने यह भी याद दिलाया कि जिन अभ्यर्थियों ने अपनी काबिलियत और मेहनत से परीक्षा पास की है, उनके भविष्य और अधिकारों का ध्यान रखना भी सरकार की जिम्मेदारी है।
सीबीआई जांच की मांग पर दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि विपक्ष इसकी मांग जरूर कर रहा है, लेकिन अतीत गवाह है कि भाजपा शासन के दौरान जिन मामलों की जांच सीबीआई को सौंपी गई थी, उनका क्या नतीजा निकला।
सरकार निष्पक्ष परीक्षाएं कराने के लिए प्रतिबद्ध
उन्होंने भरोसा जताया कि सरकार राज्य में निष्पक्ष परीक्षाएं कराने के लिए प्रतिबद्ध है। पेपर लीक या धांधली में शामिल लोगों पर शिकंजा कसा जा रहा है, ताकि भविष्य में किसी भी परीक्षा की पारदर्शिता पर सवाल न उठे। मंत्री ने दोहराया कि छात्रों के लिए सरकार के दरवाजे हमेशा खुले हैं और उनकी वाजिब मांगों को पूरा करने का पूरा प्रयास किया जाएगा।

