
Seraikela : गम्हरिया थाना परिसर में फरियाद लेकर पहुंची महिला के साथ सिपाही द्वारा दुष्कर्म किए जाने की गंभीर घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने थाना स्तर पर बड़ा बदलाव किया है। सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने इंस्पेक्टर राजेश टुडू को गम्हरिया का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया है। उन्होंने रविवार को विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया।
इससे पहले इस मामले में ड्यूटी में लापरवाही और शिथिलता बरतने के आरोप में तत्कालीन थाना प्रभारी संजय प्रसाद समेत एसआइ मनोज साहू, अनिरुद्ध सिंह और आरक्षी संतोष राय को निलंबित कर दिया गया था।
गौरतलब है कि गम्हरिया थाना क्षेत्र के दुग्धा गांव की एक महिला गुरुवार देर रात पारिवारिक विवाद की शिकायत लेकर थाने पहुंची थी। देर रात होने के कारण उसे थाने में ही रुकने की सलाह दी गई थी। आरोप है कि इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात सिपाही नीरज लकड़ा महिला को थाने के अंदर एक कमरे में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सिपाही को गिरफ्तार करा दिया। मामले की जांच के लिए एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआइटी) गठित की गई। जांच टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर संबंधित कमरे को सील कर दिया था। पुलिस पीड़िता के लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की वैज्ञानिक और तकनीकी जांच कर रही है।
इधर, नए थाना प्रभारी राजेश टुडू ने पदभार संभालने के बाद कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराध पर नियंत्रण और आम लोगों की शिकायतों का त्वरित समाधान उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने पुलिस-पब्लिक के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर देंगे।

