
चाईबासा : जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले जननेता एवं झारखंड आंदोलनकारी वीर शहीद देवेंद्र मांझी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए बुधवार को जगन्नाथपुर से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकर्ता रवाना हुए। झामुमो जगन्नाथपुर प्रखंड अध्यक्ष महेंद्र तिरिया के नेतृत्व में रवाना हुए कार्यकर्ताओं में वीर शहीद के प्रति गहरी श्रद्धा और सम्मान देखने को मिला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने शहीद देवेंद्र मांझी के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करते हुए उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों के लिए समर्पित रहा जीवन
इस अवसर पर झामुमो नेता मंजीत कोड़ा ने कहा कि वीर शहीद देवेंद्र मांझी का जीवन संघर्ष, साहस और जल, जंगल तथा जमीन की रक्षा के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन आदिवासी-मूलवासी समाज के साथ-साथ शोषित और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई के लिए समर्पित कर दिया। उनका संघर्ष और बलिदान झारखंड के इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा।
उन्होंने कहा कि शहीद देवेंद्र मांझी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब उनके विचारों और संघर्षों को आत्मसात करते हुए उनके बताए मार्ग पर चला जाए। वर्तमान समय में जल, जंगल और जमीन की रक्षा के साथ आदिवासी-मूलवासी समाज के संवैधानिक एवं पारंपरिक अधिकारों को सुरक्षित रखने के लिए एकजुट होकर प्रयास करने की आवश्यकता है।
शहीदों के सपनों का झारखंड बनाने का आह्वान
मंजीत कोड़ा ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा का इतिहास संघर्ष, आंदोलन और बलिदान की गौरवशाली परंपरा से जुड़ा है। पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह वीर शहीदों के विचारों और आदर्शों को अपनाते हुए उनके सपनों के झारखंड के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने शहीदों के संघर्ष को याद रखने और उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
इस मौके पर झामुमो नेता मंजीत कोड़ा, मनोज लागुरी, मार्शल लागुरी, जगबंधु गोप, राजू प्रसाद, बीरेंद्र बालमुचू, मनोज बोबोंगा, मनोज तुबिड, महावीर नायक और सरिक रजा सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता मौजूद थे।
Read Also Chaibasa News : गुवा बाजार में पुलिस का सघन वाहन जांच अभियान, डिक्की खुलवाकर की गई तलाशी

