RANCHI: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा आयोजित झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2025 के सफल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संचालन को लेकर रांची जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह परीक्षा 19 अप्रैल रविवार को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी।
रांची में परीक्षा के सुचारू संचालन एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित ब्लॉक-बी सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधिकारियों, दंडाधिकारियों, केंद्र अधीक्षकों तथा जेपीएससी प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
प्रशासन ने बताया कि जिले में कुल 96 उप-केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। सभी केंद्रों पर पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, प्रकाश और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। परीक्षा केंद्रों के 100 से 200 मीटर के दायरे को निषिद्ध क्षेत्र घोषित किया जाएगा, जहां मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और किसी भी प्रकार की नकल सामग्री ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नकल रोकने के लिए पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती, फ्लाइंग स्क्वॉड, स्टैटिक ड्यूटी और वाहन चेकिंग की व्यवस्था की गई है।
साथ ही किसी भी शिकायत या अनियमितता पर त्वरित कार्रवाई के लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जाएगा। महिला अभ्यर्थियों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें और एडमिट कार्ड के साथ मूल पहचान पत्र अवश्य लेकर आएं।
READ ALSO: RANCHI NEWS: नामकुम में नाबालिग के साथ दुष्कर्म, आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे

