रांची : रेलवे ने रांची से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज महाकुंभ जाने के लिए रविवार से स्पेशल ट्रेन संख्या 08067 की शुरुआत की है। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने रांची रेलवे स्टेशन से महाकुंभ स्पेशल ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये ट्रेन प्रयागराज के आगे टूंडला तक जाएगी। रांची से प्रयागराज के लिए कुल 10 स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी।
श्रद्धालुओं का तिलक लगा कर किया गया स्वागत
इस अवसर पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने श्रद्धालुओं का तिलक करके स्वागत किया और उन्हें झारखंड की सुख-समृद्धि के लिए भगवान से आशीर्वाद मांगने का अनुरोध किया। साथ ही उन्होंने श्रद्धालुओं से यह अपील की कि महाकुंभ में डुबकी लगाने के बाद वे मां गंगा से राज्य के विकास और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के और अधिक शक्तिशाली और दीर्घायु होने का आशीर्वाद प्राप्त करें।
पीएम नरेंद्र मोदी का जताया आभार
राज्यसभा सदस्य दीपक प्रकाश ने रांची से स्पेशल ट्रेन चलाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य महुआ माजी, रांची विधानसभा क्षेत्र के विधायक सीपी सिंह और हटिया डीआरएम जसमीत बिंद्र सहित अन्य कई गणमान्य लोग मौजूद थे।
स्पेशल ट्रेन के लिए रेल मंत्री से मिले थे संजय सेठ
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर रांची से प्रयागराज के लिए स्पेशल ट्रेनों के संचालन की बात की थी। इसके बाद रेलवे प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रांची से प्रयागराज के लिए कुल 10 स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया।
इन स्पेशल ट्रेनों से इन जिलों को फायदा
इन ट्रेनों के जरिए रांची, रामगढ़, खूंटी, हजारीबाग, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, कोडरमा, चतरा, लातेहार, पुरुलिया, जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां सहित कई जिलों के लोग महाकुंभ की यात्रा कर सकेंगे।
ट्रेन संचालन की पूरी सूची:
भुवनेश्वर से टूंडला (08425) 22 जनवरी, 5 फरवरी, 19 फरवरी और 25 फरवरी
टूंडला से भुवनेश्वर (08426) 24 जनवरी, 7 फरवरी, 21 फरवरी और 28 फरवरी
टिटिलागढ़ से टूंडला (08314) 16 जनवरी, 23 जनवरी, 6 फरवरी, 20 फरवरी और 25 फरवरी
टूंडला से टिटिलागढ़ (08313) 18 जनवरी, 25 जनवरी, 8 फरवरी, 22 फरवरी और 1 मार्च
तिरुपति से बनारस (07107) 18 जनवरी, 8 फरवरी, 15 फरवरी और 22 फरवरी
बनारस से विजयवाड़ा (07108) 20 जनवरी, 10 फरवरी, 17 फरवरी और 24 फरवरी
नरसापुर से बनारस (07109) 26 जनवरी, 2 फरवरी
बनारस से नरसापुर (07110) 27 जनवरी और 3 फरवरी
इन सभी ट्रेनों का कुल परिचालन 38 बार होगा और ये सभी ट्रेनें रांची से होकर गुजरेंगी।
Read also Jharkhand Road Accident : सवारी बस पलटी, तीन की मौत, एक दर्जन घायल

