Jamshedpur : जमशेदपुर के पोटका प्रखंड की खड़ियासाई पंचायत में रविवार को ऐतिहासिक माहौल देखने को मिला, जब क्षेत्र के विधायक संजीव सरदार ने बहुप्रतीक्षित 35 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले डिग्री कॉलेज के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत नारियल फोड़कर और पूजा-अर्चना के साथ हुई। बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, स्थानीय बुद्धिजीवी और छात्र-छात्राएं इस महत्वपूर्ण क्षण के साक्षी बने।
पोटका इलाके में आज़ादी के बाद से अब तक एक भी डिग्री कॉलेज नहीं था। उच्च शिक्षा के लिए विद्यार्थियों को जमशेदपुर शहर या घाटशिला कॉलेज तक जाना पड़ता था, जिससे छात्रों और अभिभावकों को आर्थिक परेशानी और समय की अतिरिक्त लागत झेलनी पड़ती थी।
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि राज्य की हेमंत सरकार ने पिछले छह वर्षों में शिक्षा के क्षेत्र में कई अहम कदम उठाए हैं। पोटका में डिग्री कॉलेज का निर्माण स्थानीय छात्रों को अपने ही क्षेत्र में उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि यह संस्थान शिक्षा के क्षेत्र में पोटका को एक नई पहचान देगा और क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।

