Ranchi (Jharkhand) : रेलवे सुरक्षा बल (RPF) मुरी एवं आरपीएफ फ्लाइंग टीम रांची ने संयुक्त जांच अभियान चलाया। इस दौरान ट्रेन संख्या 13352 अल्लेप्पी-धनबाद एक्सप्रेस (Alleppey-Dhanbad Express) के सामान्य कोच से 13 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। संदिग्ध अवस्था में बैठे व्यक्ति की पहचान मो. अरमान अंसारी (32 वर्ष) के रूप में हुई।
दो बैग के साथ मिला संदिग्ध यात्री
आरपीएफ पोस्ट मुरी से उपनिरीक्षक पवन कुमार ने बताया कि कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर मुरी रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म-1 पर अभियान चलाया गया। उन्हाेंने बताया कि सामान्य कोच की जांच के दौरान एक व्यक्ति दो बैग के साथ संदिग्ध रूप से बैठा पाया गया। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम मो. अरमान अंसारी (32) बताया।
दो बैगों से पांच पैकेट बरामद
इस संबंध में सूचना सहायक सुरक्षा आयुक्त/आरपीएफ, रांची को दी गई। सूचना पाकर वे मौके पर पहुंचे और सभी कानूनी औपचारिकताओं का पालन करते हुए बैगों की तलाशी ली गई। उसमें दोनों बैग से गांजा जैसे पदार्थ के कुल पांच पैकेट, एक मोबाइल फोन तथा एक सामान्य श्रेणी का रेलवे टिकट बरामद किया गया।
ओडिशा से लाकर झारखंड में बेचने की थी योजना
बरामद सामग्री की जांच डीडी किट से करने पर गांजा पाया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि गांजा ओडिशा के रायगढ़ा से लाया गया था। उसे अवैध रूप से झारखंड ले जाकर बेचने की योजना थी। इसके बाद तस्कर और बरामद गांजा को जीआरपी मुरी को सुपुर्द किया गया। बरामद गांजा का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग छह लाख पचास हजार रुपए बताया जाता है। इस कार्रवाई में आरपीएफ फ्लाइंग टीम रांची से सहायक उपनिरीक्षक अनिल कुमार, स्टाफ प्रदीप और वीएल मीणा शामिल थे।

