Palamu : पलामू के जिला मुख्यालय मेदिनीनगर में एक युवक की हत्या कर दी गई है। हत्यारोपियों ने युवक की हत्या कर शव रेलवे लाइन के पास झाड़ियों में फेंक दिया है। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेने के बाद इसका पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शव दो नंबर टाउन थाना क्षेत्र में कांदू मुहल्ला में रेलवे लाइन किनारे पड़ा हुआ था। शव देखने से साफ है कि युवक का सिर पत्थर से कूच दिया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेने के बाद मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एमएमसीएच) में पोस्टमार्टम कराया। जिस युवक का शव है वह लेस्लीगंज का रहने वाला बताया जा रहा है। कहा जा रहा है कि युवक कांदू मुहल्ले में रह रहा था।
पुलिस का कहना है कि सुबह कांदू मुहल्ले की महिलाएं रेलवे लाइन की तरफ गई थीं। उन्हीं लोगों ने वहां शव देखा। इसके बाद लाश देखने वालों का मजमा लग गया। किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। इसके बाद पुलिस पहुंची।
पुलिस का कहना है कि कि जहां शव मिला है उस जगह गुरुवार की सुबह गोली चली थी। इसके चलते स्थानीय लोगों को पहले आशंका हुई कि शव गोली चलाने वाले गोलू पासवान का हो सकता है। लेकिन बाद में क्लीयर हुआ कि मृतक कोई अन्य युवक है। कुछ घंटे बाद शव की पहचान सुनील यादव के रूप में हुई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक स्टेशन परिसर के आसपास घूमा करता था और छोटी-मोटी चोरी में संलिप्त रहता था। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

