Jamshedpur : जन विकास मंच के प्रमुख एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु ने जमशेदपुर में बढ़ती पार्किंग समस्या, ट्रैफिक जाम और पुरानी यातायात व्यवस्था को लेकर टाटा स्टील तथा जिला प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि शहर लगातार विस्तार कर रहा है, लेकिन आम जनता से जुड़ी बुनियादी सुविधाएं अब भी पुराने ढांचे के अनुसार संचालित हो रही हैं।
समाजसेवी सौरभ विष्णु ने कहा कि टाटा स्टील समय-समय पर अपने उद्योग और कंपनी का विस्तार कर रही है। वहीं जिला प्रशासन ने भी आधुनिक जरूरतों के अनुसार अपनी व्यवस्थाओं में बदलाव किया है। पुराने उपायुक्त (डीसी) कार्यालय की जगह नया कार्यालय बनाया गया, पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय का भी नया भवन तैयार किया गया और पुलिस व्यवस्था का विस्तार हुआ। ऐसे में सवाल यह है कि जब प्रशासनिक और औद्योगिक ढांचा आधुनिक हो सकता है तो शहर की पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था को नई जरूरतों के अनुरूप क्यों नहीं बदला जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जमशेदपुर में वाहनों की संख्या बढ़ना स्वाभाविक है और इसे जनता की गलती नहीं माना जा सकता। पर्याप्त पार्किंग सुविधाओं के अभाव में लोग मजबूरीवश सड़क किनारे वाहन खड़े करते हैं और बाद में चालान की कार्रवाई का सामना करते हैं। केवल चालान काटने से समस्या का समाधान संभव नहीं है, इसके लिए स्थायी और सुनियोजित व्यवस्था विकसित करनी होगी।
सौरभ विष्णु ने कहा कि जिस तरह टाटा स्टील ने अपने वेंडर कर्मचारियों के लिए न्यू बारी मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की है, उसी प्रकार शहरवासियों के लिए भी आधुनिक पार्किंग सुविधाओं के विकास में सहयोग करना चाहिए। बढ़ते जमशेदपुर के लिए मल्टीलेवल पार्किंग, व्यवस्थित वाहन स्टैंड और प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुकी है।
उन्होंने मांग की कि जिन स्थानों पर पार्किंग के लिए जमीन चिन्हित की गई है, वहां जल्द से जल्द मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण कराया जाए। साथ ही प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में स्थायी ट्रैफिक प्रबंधन प्रणाली लागू की जाए। अवैध पार्किंग पर रोक लगाने के लिए नियमित निगरानी और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
सौरभ विष्णु ने कहा कि विकास केवल बड़े भवनों, कार्यालयों और उद्योगों के विस्तार तक सीमित नहीं होना चाहिए। वास्तविक विकास तब माना जाएगा जब आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं, सुगम यातायात और व्यवस्थित शहरी ढांचा उपलब्ध हो। उन्होंने टाटा स्टील और जिला प्रशासन से मिलकर जमशेदपुर की पुरानी व्यवस्थाओं को आधुनिक बनाने की अपील की, ताकि शहरवासियों को जाम और पार्किंग की समस्या से स्थायी राहत मिल सके।
Read also – Jamshedpur News : जमशेदपुर में नाबालिग के पास से लोडेड देसी कट्टा बरामद, जुगसलाई पुलिस ने पकड़ा

