Chakradharpur (Jharkhand) : दक्षिण-पूर्व रेलवे के अंतर्गत चक्रधरपुर रेल मंडल में छठ महापर्व को लेकर विशेष तौर पर तैयारी की है। मंडल रेल प्रबंधक (DRM) तरुण हरिया और सीनियर डीसीएम (Sr. DCM) आदित्य चौधरी ने मंगलवार को यहां एक प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। डीआरएम ने कहा कि ट्रेन सुविधा सभी रेल यात्रियों को मिले और स्टेशन से लेकर ट्रेन में यात्रियों को कोई परेशानी ना हो, उनकी रेल यात्रा सुगमता से संपन्न हो, इसके लिए रेलवे ने विशेष तैयारी की है।
टाटा, राउरकेला व झारसुगुड़ा स्टेशन पर विशेष निगरानी
इसके लिए स्टेशन पर निगरानी रखने के लिए चक्रधरपुर रेल मंडल मुख्यालय में वार रूम तैयार किया गया है। वार रूम में 24 घंटे तैनात रेल कर्मी स्टेशन की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। वार रूम में टाटानगर, झारसुगुड़ा और राउरकेला स्टेशन की गतिविधि पर विशेष रूप से नजर रखी जा रही है।

वेटिंग की समस्या से निपटने के लिए ट्रेनों में लगाए जा रहे 22 कोच
वहीं ट्रेनों को पूरी में 22 कोच लगाकर चलाया जा रहा है, ताकि वेटिंग टिकट भी कन्फर्म हो जाए। जनरल कोच में एक एक कर लाइन से यात्रियों को प्रवेश कराया जा रहा है ताकि ट्रेन चढ़ने में कोई परेशानी ना हो। स्टेशन में मेडिकल सुविधा भी तैयार रखी गई है। ट्रेन के स्टेशन में आगमन को लेकर जिस प्लेटफार्म की घोषणा की जा रही है, उसे बिल्कुल नहीं बदला जा रहा है। एक बार की गई घोषणा पर ही ट्रेन आ रही है।
देश के कोने-कोने से चलाई जा रही हैं विशेष ट्रेनें
छठ पर्व पर बड़ी संख्या में यात्री यूपी बिहार के लिए देश के कोने कोने से सफर करते हैं। रेलवे इसके लिए विशेष ट्रेन भी चला रही है। वहीं ट्रेनों के समयानुसार चलाने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। डीआरएम और सीनियर डीसीएम ने कहा कि रेल सेवा से यात्री को परेशानी ना हो इसपर रेल मंडल का फोकस है और पूरा तंत्र रेल यात्रियों की सेवा में लगा हुआ है।
Read Also: RANCHI RAIL NEWS: आरपीएफ ने टिकट BLACK करने वाले को किया गिरफ्तार, इतने रुपये लेता था ग्राहकों से

