Home » सावधान! रांची में बेचे जा रहे एचपी कंपनी के नकली पार्ट्स; गिरोह का भंडाफोड़, भारी मात्रा में सामान के साथ एक गिरफ्तार

सावधान! रांची में बेचे जा रहे एचपी कंपनी के नकली पार्ट्स; गिरोह का भंडाफोड़, भारी मात्रा में सामान के साथ एक गिरफ्तार

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : चुटिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने नकली एचपी (HP) कंपनी के पार्ट्स बेचने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मौके से भारी मात्रा में नकली सामान और उन्हें तैयार करने वाली मशीनें बरामद की गई हैं।

नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) पारस राणा ने बताया कि यह कार्रवाई एचपी कंपनी के अधिकारियों की लिखित शिकायत के बाद की गई। शिकायत में कहा गया था कि शहर में नकली प्रिंटर पार्ट्स बेचकर लोगों को ठगा जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर विशेष टीम बनाई और छापेमारी की योजना तैयार की।

फ्लैट में चल रहा था अवैध धंधा

पुलिस टीम ने चुटिया इलाके के मालाबार रिसोर्ट स्थित एक फ्लैट में छापा मारा। जांच के दौरान वहां से बड़ी मात्रा में नकली टोनर, इंक कार्ट्रिज और अन्य प्रिंटर से जुड़े सामान बरामद किए गए। इसके अलावा नकली प्रोडक्ट तैयार करने के लिए इस्तेमाल होने वाली कई मशीनें भी मिलीं।

बरामद सामान में 170 नकली टोनर बॉक्स, 45 इंक की बोतलें, 600 बबल बैग, 810 कूरियर स्टिकर, 390 एमआरपी स्टिकर, 330 नकली होलोग्राम और 590 पैकिंग बॉक्स शामिल हैं। यह सामान बाजार में असली बताकर बेचा जा रहा था।

मौके से आरोपी गिरफ्तार,जांच जारी

पुलिस ने मौके से राकेश कुमार बारी नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो इस अवैध कारोबार में शामिल था। उसके खिलाफ कॉपीराइट एक्ट और ट्रेड मार्क एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह गिरोह लंबे समय से नकली ब्रांडेड सामान बनाकर बेच रहा था, जिससे कंपनी और ग्राहकों दोनों को नुकसान हो रहा था। फिलहाल पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस ने साफ किया है कि इस तरह के फर्जी कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Read Also: http://BAU Ranchi: देश भर के कृषि वैज्ञानिक पहुंच रहे रांची; मक्का उत्पादन पर करेंगे मंथन

Related Articles

Leave a Comment