
रांची: राजधानी रांची के एक गांव में पिछले काफी समय से चोरी-छिपे एक अवैध धंधा फल-फूल रहा था। इसका खुलासा उत्पाद विभाग की कार्रवाई के बाद हुआ है। मामला इटकी थाना क्षेत्र के नारी गांव का है, जहां एक घर के भीतर अवैध रूप से मिनी शराब फैक्ट्री का संचालन किया जा रहा था। इस कार्रवाई के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है।
गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने नारी गांव में छापा मारा। सहायक उत्पाद आयुक्त के निर्देशानुसार उत्पाद पदाधिकारी संजय कुमार के नेतृत्व में पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। जब टीम ने मौके पर दबिश दी, तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। गांव के अंदर किसी को भनक तक नहीं थी और वहां पूरी तरह से नकली विदेशी शराब तैयार करने का काला कारोबार चल रहा था।
क्या-क्या हुआ बरामद
छापेमारी के दौरान मौके से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब के साथ-साथ उसे बाजार में बेचने योग्य बनाने का पूरा सामान बरामद किया गया है। विभाग के हाथ जो चीजें लगी हैं, उनमें विभिन्न नामी और महंगे ब्रांड की विदेशी शराब की 375 एमएल और 750 एमएल की बोतलें शामिल हैं। 375 एमएल की 24 बोतलें और एक महंगी व्हिस्की के साथ-साथ 750 एमएल की 24 बोतलें बरामद की गई हैं।
अलग-अलग ब्रांड के नकली लेबल, स्टीकर, कॉर्क और ढक्कन, बोतलों को तुरंत पैक करने वाली आधुनिक सीलिंग मशीन आदि बरामद की गई हैं। इससे साफ जाहिर होता है कि यहां खाली बोतलों में घटिया या नकली शराब भरकर, उन पर महंगे ब्रांड के स्टीकर और ढक्कन लगाकर ग्राहकों को बेची जा रही थी।
तस्कर हुए फरार, तलाश जारी
जैसे ही उत्पाद विभाग की टीम ने इस मिनी फैक्ट्री पर धावा बोला, कारोबार से जुड़े मुख्य आरोपी मौके से भागने में सफल रहे। उत्पाद विभाग की जांच में सुरेंद्र साहू और विजय साहू का नाम सामने आया है, जिन पर इस अवैध कारखाने को चलाने का गंभीर आरोप है।
विभाग की टीमें अब इन दोनों फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि इस अवैध धंधे में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसका भी जल्द ही खुलासा किया जाएगा और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Read Also: Lohardaga News : लोहरदगा में हथियार तस्करी का खुलासा, देसी कट्टा और तीन कारतूस के साथ दो गिरफ्तार

