RANCHI: नये साल में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन शनिवार को रांची शहर का जायजा लेने निकले। इसके बाद उन्होंने धुर्वा डैम के साथ अन्य पिकनिक स्पॉट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां की भौगोलिक स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और क्षेत्र में पर्यटन विकास की संभावनाओं का विस्तारपूर्वक अवलोकन किया। चाय की चुस्की लेते हुए उन्होंने रांची की हरियाली और प्राकृतिक सौंदर्य का भी आनंद लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि धुर्वा डैम क्षेत्र में पर्यटन को व्यवस्थित रूप से विकसित करने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे तथा यह क्षेत्र रांची शहर के पर्यटन नक्शे का प्रमुख आकर्षण बनेगा।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय दुकानदारों और लोगों से उनकी समस्याएं सुनीं तथा सुझाव लिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार जनसहभागिता के माध्यम से क्षेत्र के समग्र विकास को प्राथमिकता देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि धुर्वा डैम न केवल रांची का महत्वपूर्ण जल स्रोत है बल्कि यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं भी हैं। सरकार इन संभावनाओं को चरणबद्ध तरीके से विकसित करेगी। इसके बाद वह धुर्वा स्थित ज्यूडिशियल एकेडमी भी पहुंचे। उन्होंने संस्थान की अधोसंरचना और प्रशिक्षण व्यवस्था की प्रगति की समीक्षा की।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, पर्यटन, कला विभाग के सचिव मनोज कुमार सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, रांची जिला प्रशासन के पदाधिकारी, पर्यटन विभाग के प्रतिनिधि और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

