
Ranchi : सदर थाना क्षेत्र के कोकर सुभाष चौक के पास गुरुवार को एक युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान खुशी कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों ने युवती की मौत के लिए उसके प्रेमी राजेश कुमार को जिम्मेदार ठहराते हुए आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
परिजनों के अनुसार, खुशी कुमारी स्वर्गीय अशोक राम की छह बेटियों में सबसे छोटी थी। परिवार की तीन बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि एक बेटी को किसी अन्य व्यक्ति ने गोद लिया है और वह बाहर रहती है। खुशी अपनी मां आशा देवी और बड़ी बहन के साथ कोकर सुभाष चौक के पास स्थित घर में रहती थी। आशा देवी इडली की दुकान लगाकर परिवार का भरण-पोषण करती हैं।
परिजनों का आरोप है कि बुधवार की रात करीब 11 बजे खुशी का प्रेमी राजेश कुमार, जो कोकर के आदर्श नगर का निवासी बताया जाता है, अपने तीन दोस्तों के साथ उसके घर पहुंचा था। आरोप है कि चारों ने घर में काफी देर तक हंगामा किया और तोड़फोड़ भी की। इसके बाद सभी वहां से चले गए।
गुरुवार सुबह आशा देवी और उनकी बड़ी बेटी दुकान लगाने के लिए चली गईं, जबकि खुशी घर में अकेली थी। परिजनों के अनुसार, इसी दौरान खुशी ने राजेश को वीडियो कॉल किया और वीडियो कॉल के दौरान ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
काफी देर तक दुकान पर नहीं पहुंचने पर बड़ी बहन ने आसपास के लोगों से खुशी के बारे में जानकारी ली। बाद में घर पहुंचने पर खुशी को फंदे से लटका हुआ पाया गया। आनन-फानन में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। परिजनों ने राजेश कुमार पर खुशी को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Read also – Palamu Crime: मां की आंखों में आंसू देख आपा खो बैठा बेटा, पिता को पीट-पीटकर मार डाला, भेजा गया जेल


