चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन गंभीर है। उपायुक्त के निर्देशानुसार जिला परिवहन कार्यालय द्वारा बुधवार को सड़क सुरक्षा के मद्देनजर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। बाईपास चौक के समीप मोटरयान निरीक्षक नेल्सन तिर्की एवं कृष्णा सोरेन के नेतृत्व में यह जांच की गई।
हेलमेट और सीट बेल्ट पर विशेष फोकस
जांच के दौरान सुरक्षा से जुड़े हेलमेट तथा सीट बेल्ट पर विशेष ध्यान दिया गया। इसके साथ ही वाहनों के अन्य दस्तावेज और ड्राइविंग लाइसेंस की भी गहन जांच की गई। नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों से नियमानुसार जुर्माना वसूला गया।
दोपहिया हादसों का मुख्य कारण हेलमेट नहीं पहनना
मौके पर मौजूद मोटरयान निरीक्षक ने बताया कि जिले में हो रही दुर्घटनाओं में दोपहिया वाहनों की भागीदारी ज्यादा है। अधिकांश मौतें उन लोगों की हो रही हैं जो हेलमेट का इस्तेमाल नहीं कर रहे। उन्होंने कहा कि हेलमेट की अहमियत को समझना जरूरी है। सभी लोग बिना हेलमेट दोपहिया वाहन न चलाएं।
घर से हेलमेट मंगवाकर किया ऑनलाइन फाइन
जांच में बिना हेलमेट पकड़े गए चालकों को घर से हेलमेट लाने को कहा गया। सभी पकड़े गए चालक घर से हेलमेट लेकर आए। इसके बाद सभी का ऑनलाइन चालान काटकर छोड़ा गया। अभियान में कुल 17 वाहनों पर 17,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
लगातार चलेगा अभियान: डीटीओ
जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि इस तरह का अभियान जिले के विभिन्न स्थानों पर लगातार चलाया जाएगा। सभी लोग ट्रैफिक तथा यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए हर पहलू को मजबूत करना आवश्यक है और धीरे-धीरे सभी बिंदुओं पर काम किया जा रहा है। दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
Read Also- Chaibasa News : कुपोषण मुक्त पश्चिमी सिंहभूम के लिए यूनिसेफ दिल्ली व रांची की टीम पहुंची चाईबासा

