Ranchi (Jharkhand) : झारखंड के राजनीतिक दिग्गज और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के संस्थापक, राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन की सेहत नाजुक बनी हुई है। दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती दिशोम गुरु शिबू सोरेन के स्वास्थ्य को लेकर झामुमो ने भी चिंता जताई है। पार्टी प्रवक्ता मनोज पांडेय ने शुक्रवार को बताया कि डॉक्टरों की एक टीम लगातार उनका इलाज कर रही है और उन्हें आईसीयू में रखा गया है, जहां सीमित लोगों को ही उनसे मिलने की अनुमति है।
स्वास्थ्य स्थिर, लेकिन चिंताजनक
प्रवक्ता मनोज पांडेय ने जानकारी दी कि शिबू सोरेन की तबीयत अभी स्थिर है, हालांकि उसमें कोई खास सुधार या गिरावट देखने को नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी लोग ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं कि दिशोम गुरु जल्द स्वस्थ होकर झारखंड लौटें, क्योंकि इस वक्त झारखंड और यहां के लोगों को उनके मार्गदर्शन की सख्त जरूरत है। अस्पताल के सूत्रों के अनुसार, न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी और नेफ्रोलॉजी के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी देखरेख कर रही है और उनकी स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है। डॉक्टरों ने बताया है कि उन्हें ब्रेन स्ट्रोक आया है, जिसके कारण उनके शरीर के बाईं ओर लकवा मार गया है।
पुरानी बीमारियों से भी जूझ रहे हैं शिबू सोरेन
गौरतलब है कि 81 वर्षीय शिबू सोरेन लंबे समय से किडनी की बीमारी से परेशान हैं और पिछले एक साल से डायलिसिस पर हैं। इसके अलावा, वे डायबिटीज से भी पीड़ित हैं और उनकी हार्ट बाइपास सर्जरी भी हो चुकी है। पिछले गुरुवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु भी सर गंगा राम अस्पताल जाकर उनसे मिली थीं और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। इससे पहले, राज्यपाल संतोष गंगवार ने भी अस्पताल पहुंचकर शिबू सोरेन से मुलाकात की थी।
Read also : RANCHI NEWS: 70 हजार लोगों ने नहीं भरा होल्डिंग टैक्स, RMC अब करेगा ये कार्रवाई
भाजपा ने उठाई मेडिकल बुलेटिन की मांग
शिबू सोरेन के स्वास्थ्य को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) भी चिंतित है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा ने कहा कि शिबू सोरेन न केवल राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान में राज्यसभा सांसद हैं, बल्कि वे झारखंड सरकार की समन्वय समिति के प्रमुख भी हैं। ऐसे में राज्य सरकार और प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) को उनके स्वास्थ्य को लेकर एक आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी करना चाहिए। उन्होंने कहा कि गुरुजी के स्वास्थ्य को लेकर आम लोग भी चिंतित हैं और उनसे मिलने के लिए अस्पताल जा रहे हैं। अगर सरकार की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी जाएगी, तो लोगों में गलतफहमी पैदा हो सकती है। इसलिए, उन्होंने सरकार या पीआईबी से उनके वर्तमान स्वास्थ्य की स्थिति पर मेडिकल बुलेटिन जारी करने का आग्रह किया है।
Read also : Lohardaga Crime News : लोहरदगा में दादी-पोते की निर्मम हत्या, दहशत
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने भी जताई चिंता
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी शिबू सोरेन के अस्वस्थ होने पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के अस्वस्थ होने की सूचना से उनका मन अत्यंत चिंतित है। उन्होंने ईश्वर से उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और दीर्घायु जीवन की प्रार्थना की है।
Read also : हेमंत सोरेन दिल्ली रवाना : दिशोम गुरु शिबू सोरेन का चल रहा इलाज, परिवार के साथ होंगे मौजूद

