
एंटरटेनमेंट डेस्कः सिंगर सोनू निगम एक बार फिर से चर्चा में आ गए है। हाल ही में सोनू ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया। इस वीडियो को शेयर करते हुए सोनू ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर अपनी नाराजगी जाहिर की है। दरअसल भजनलाल सोनू निगम के कॉन्सर्ट में आए थे, लेकिन अब सोनू ने उनसे शो में आने से मना कर दिया है।
सीएम पर जाहिर की नाराजगी
सोनू कई बार अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहते है। इस बार सोनू का जयपुर में एक शो था, जहां विश्वभर के लोगों समेत कई राजनेता भी पहुंचे थे। लेकिन शो के बीच में सीएम भजनलाल शर्मा उठकर चले गए, यह बात सोनू को नागवार गुजरी और एक वीडियो के जरिए उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर की।
इंस्टाग्राम पर शेयर किया गुस्से से भरा वीडियो
इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करते हुए सोनू ने कहा कि अभी मैं जयपुर के एक कॉन्सर्ट से आ रहा हूं। बहुत सारे लोग एकत्रित हुए थे और बहुत अच्छा शो था। यह एक प्रतिष्ठित शो था, जहां कोन-कोने से लोग आए थे। सीएम, यूथ मिनिस्टर और स्पोर्ट्स मिनिस्टर भी वहां मौजूद थे। काफी लोग थे। अंधेरा होने के कारण कई लोगों को मैं देख भी नहीं पाया। बीच शो में मैंने देखा कि सीएम साहब और बाकी के लोग उठकर चले गए और उनके पीछे बाकी के डेलीगेट्स भी चले गए।
आर्टिस्ट की कद्र नहीं करोगे, तो लोग क्या करेंगे
आगे बॉलीवुड सिंगर ने कहा कि मेरा एक निवेदन है आप लोगों से कि आप ही अपने आर्टिस्ट की कद्र नहीं करेंगे, तो लोग क्या करेंगे। अमेरिका में तो मैंने ऐसा कभी नहीं देखा। अगर प्रेसीडेंट बैठा हो और उठ के चला जाए, अगर जाना भी हुआ, तो बोलकर जाएगा, इशारा करके जाएगा। मेरा निवेदन है कि अगर जाना ही है न तो आप आया मत करो या शो शुरू होने से पहले चले जाओ।
यह कला का अपमान है
आगे राजनेताओं से खास अपील करते हुए सोनू ने कहा कि भारत के सभी सम्मानित राजनेताओं से विनम्र निवेदन है कि कृपया किसी भी कलाकार के कार्यक्रम में शामिल न हों, यदि आपको अचानक बीच में जाना पड़े। यह कला, कलाकारों और मां सरस्वती का अपमान है।

