
Jamshedpur : टेल्को कॉलोनी स्थित विद्या भारती चिन्मय विद्यालय में शनिवार को सत्र 2025-26 की 12वीं कक्षा के मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य फेलिसिटेशन सेरेमनी-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न संकायों के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं पुस्तकें प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव श्री विष्णु चंद्र दीक्षित ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उन्हें अनुशासन, परिश्रम और चरित्र निर्माण को जीवन की सफलता का आधार बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों और सब्जेक्ट टॉपर्स को भी मिला सम्मान
समारोह में विज्ञान संकाय के मुकुल महतो ने 97.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। जीवविज्ञान संकाय में हर्ष श्रीवास्तव ने 94.6 प्रतिशत, वाणिज्य संकाय में शालु शर्मा ने 93.2 प्रतिशत तथा मानविकी संकाय में अनुष्का ने 94.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपने-अपने संकाय में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विज्ञान, जीवविज्ञान, वाणिज्य एवं मानविकी संकाय के विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। विभिन्न विषयों में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सब्जेक्ट टॉपर के रूप में विशेष सम्मान दिया गया।
विद्यालय की प्राचार्य मीना विल्खू ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अभिभावकों के सहयोग और शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। वरिष्ठ शिक्षिका सुश्री अनुश्री पटनायक ने कार्यक्रम का संचालन किया, जबकि शांतिपाठ के साथ समारोह का समापन हुआ।
Read ALso- Palamu News: रसगुल्ले के साथ सल्फास खाकर खुदकुशी! बाजार गई थी महिला, जंगल में मिला शव

