- श्राद्धकर्म में गए परिवार के बंद घर को बनाया निशाना, दुमका में चोरों ने उड़ाए ढाई लाख के जेवर और नकदी
दुमका (झारखंड) : झारखंड की उपराजधानी दुमका में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। कब्रिस्तान रोड स्थित केवटपाड़ा इलाके में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए करीब ढाई लाख रुपये मूल्य के जेवरात और नकदी की चोरी की है। यह वारदात उस समय हुई जब घर के सभी सदस्य मृतका विमला सिंह के श्राद्धकर्म में भाग लेने के लिए देवघर के सारवां गांव गए हुए थे।
हत्या के बाद श्राद्धकर्म में गया था परिवार, चोरों ने मौके का उठाया फायदा
पुलिस के अनुसार, 14 मई को पड़ोस में रहने वाले छोटू नामक युवक ने गंदे पानी के मामूली विवाद में 55 वर्षीय विमला सिंह की तलवार से गला काटकर हत्या कर दी थी। इस हमले में विमला के पति, शिक्षक मनोज कुमार सिंह भी गंभीर रूप से घायल हुए थे और उनका इलाज फिलहाल रांची स्थित रिम्स अस्पताल में जारी है।
हत्या के बाद विमला सिंह का अंतिम संस्कार देवघर के सारवां गांव में किया गया, जो उनका पैतृक गांव है। रविवार को वहां श्राद्धकर्म सम्पन्न हुआ, जिसमें परिवार के सभी सदस्य शरीक हुए। इस दौरान घर खाली था और इसी बात का लाभ उठाकर चोरों ने बड़ी चोरी को अंजाम दिया।
घर लौटने पर बेटी को मिली चोरी की जानकारी
सोमवार को दोपहर करीब एक बजे जब मृतका की बेटी श्राद्धकर्म के बाद घर लौटी, तो उसने देखा कि मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था। घर के अंदर जाकर पता चला कि दो अन्य कमरों की कुंडी भी टूटी हुई थी और सारा सामान बिखरा पड़ा था। फौरन नगर थाना को सूचना दी गई, जिसके बाद थाना प्रभारी नंद किशोर प्रसाद अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
चोरों को पहले से थी श्राद्धकर्म की जानकारी, दीवार फांदकर घुसे घर में
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोरों को पहले से जानकारी थी कि रविवार को विमला सिंह का श्राद्धकर्म है और परिवार घर पर नहीं रहेगा। इसी सूचना के आधार पर रविवार की रात चोरों ने दीवार फांदकर घर में प्रवेश किया और मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने दो अन्य कमरों को भी तोड़ा और कीमती सामान समेटकर फरार हो गए।
पुलिस ने शुरू की जांच, मामले में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
नगर थाना प्रभारी नंद किशोर प्रसाद ने बताया कि चोरी की इस घटना में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले में सुराग मिलने की उम्मीद है।

