Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा सेल अस्पताल में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक मरीज को बिना ऑक्सीजन के राउरकेला स्थित आईजीएच अस्पताल रेफर किए जाने के बाद परिजनों और स्थानीय महिलाओं ने एंबुलेंस को रोककर अस्पताल परिसर में हंगामा किया। परिजनों और महिलाओं का आरोप था कि गंभीर स्थिति में मरीज को पर्याप्त चिकित्सा सुविधा के बिना भेजना लापरवाही है। घटना की सूचना मिलते ही झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे और महामंत्री अंतर्यामी महाकुड़ मौके पर पहुंचे।
मजदूर नेताओं ने प्रबंधन के निर्णय पर उठाए सवाल
उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से तत्काल मरीज को ऑक्सीजन उपलब्ध कराने की मांग की।
ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने बताया कि मरीज की स्थिति सामान्य है, इसलिए ऑक्सीजन की आवश्यकता नहीं समझी गई और उसे बेहतर उपचार के लिए रेफर किया जा रहा था। डॉक्टरों के इस जवाब पर यूनियन नेताओं ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि मरीज की स्थिति सामान्य है तो उसे बाहर रेफर करने की जरूरत ही क्या है। ऐसे में उसका इलाज गुवा अस्पताल में ही किया जाना चाहिए।
अस्पताल में ही रखकर इलाज जारी रखने का फैसला
काफी देर तक चले हंगामे और बहस के बाद अस्पताल प्रबंधन ने मरीज को फिलहाल गुवा सेल अस्पताल में ही भर्ती रखकर इलाज जारी रखने का निर्णय लिया गया। प्रबंधन ने कहा कि मरीज की स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर आगे का निर्णय लिया जाएगा।
अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
घटना के बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली और आपातकालीन व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि अस्पताल में ऑक्सीजन और अन्य आपात सुविधाएं हमेशा उपलब्ध रहें, ताकि गंभीर मरीजों को रेफर करने की नौबत न आए।
Read Also: Chaibasa News : चूल्हे की आग से झुलसी महिला की इलाज के दौरान मौत, 10 दिन बाद तोड़ा दम

