
धनबाद: कोयलांचल की पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सरायढेला थाना क्षेत्र के होटल न्यू हरि-इन में छापेमारी कर पुलिस ने एक बड़े साइबर ठगी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। मौके से 9अपराधियों को दबोच लिया है।
कमरा नंबर 103 और 108 से हो रहा था खेल
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इस होटल के कुछ कमरों का इस्तेमाल साइबर क्राइम के लिए किया जा रहा है। इसके बाद डीएसपी सीसीआर प्रदीप कुमार साव के नेतृत्व में सरायढेला पुलिस ने एक विशेष टीम बनाकर होटल के कमरा संख्या 103 और 108 में अचानक दबिश दी। पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से होटल में हड़कंप मच गया।
बिहार, झारखंड और ओडिशा के हैं अपराधी
पकड़े गए आरोपी अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य हैं। वे अलग-अलग राज्यों से आकर यहां ठगी का अड्डा चला रहे थे। गिरफ्तार अपराधियों में बिहार के आशीष कुमार, मिथिलेश ठाकुर, मो. आबिद आलम, आशुतोष कुमार आनंद और मनंजर शेर आलम शामिल हैं। वहीं अन्य आरोपियों में धनबाद के रोहित व महफुज आलम, ओडिशा के चन्द्रकांत परिदा और गोड्डा के मो. गुफरान आलम के नाम सामने आए हैं।
बरामद हुआ सामान
पुलिस ने अपराधियों के पास से ठगी में इस्तेमाल होने वाले कई डिजिटल उपकरण और नकदी बरामद की है। इनमें 12 एंड्रॉयड स्मार्टफोन और 17 एक्टिवेटेड सिम कार्ड,विभिन्न बैंकों के 17 एटीएम कार्ड, 2 चेकबुक और 1 पासबुक, कई बैंक खातों के क्यूआर कोड और 50 हजार रुपये नकद शामिल हैं।
मनी ट्रेल खंगालने में जुटी पुलिस
जांच में पता चला है कि यह गिरोह मुख्य रूप से ऑनलाइन गेमिंग और साइबर ठगी करने वालों को फर्जी बैंक खाते (क्राइम अकाउंट्स) मुहैया कराता था। ठगी की सारी रकम इन्हीं खातों में मंगवाई जाती थी। फिलहाल साइबर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस गिरोह के मास्टरमाइंड और इनके पूरे वित्तीय लेन-देन (मनी ट्रेल) को खंगालने में जुटी है।

