Jamshedpur : मानगो थाना क्षेत्र के परडीह स्थित कुमरूम बस्ती में चोरी की एक बड़ी वारदात का खुलासा हुआ है। इस मामले में स्थानीय लोगों की सतर्कता से एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
बताते हैं कि 22 और 24 अप्रैल की रात “मां दुर्गा बॉडी बिल्डर” और “वेलकम कार गैराज” में निशाना बनाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। चोर ने गैराज से कॉपर केबल वायर, लोहे का सामान, कार एक्सेसरीज, लाइट, हेडलाइट समेत कई कीमती सामान चोरी कर लिया था। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 40 से 45 हजार रुपये आंकी गई है।
घटना के बाद इलाके में लोगों में काफी आक्रोश देखने को मिला और वे लगातार आरोपी की तलाश में जुटे रहे। इसी दौरान समता नगर निवासी कार्तिक कर्मकार को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान युवक ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
पुलिस को आरोपी के घर से चोरी का कुछ सामान भी बरामद हुआ है, हालांकि आशंका जताई जा रही है कि बाकी सामान बेच दिया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। मामले की आगे जांच जारी है।
टाटानगर स्टेशन पर आरपीएफ-जीआरपी की बड़ी कार्रवाई, दो मोबाइल चोर गिरफ्तार
जमशेदपुर के टाटानगर रेलवे स्टेशन पर “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में दो मोबाइल चोरों को चोरी के मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ चक्रधरपुर मंडल और रेल पुलिस अधीक्षक जमशेदपुर के निर्देश पर आरपीएफ टाटा एवं जीआरपी टाटा की टीम लगातार स्टेशन परिसर में निगरानी अभियान चला रही थी। इसी दौरान टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल वर्मा उर्फ रोहित कुमार (27) और रजत कुमार सिंह (26) के रूप में हुई है। विशाल चाईबासा का निवासी बताया जा रहा है, जबकि रजत कुमार सिंह जमशेदपुर के बागबेड़ा स्थित गाड़ाबासा का रहने वाला है।
बताया गया कि दोनों आरोपियों ने बीती रात टाटानगर रेलवे स्टेशन परिसर में एक यात्री का मोबाइल चोरी कर लिया था। घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम सक्रिय हुई और त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी किए गए मोबाइल के साथ दोनों को पकड़ लिया।
इसके बाद दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए रेल थाना टाटानगर को सौंप दिया गया। इस अभियान का नेतृत्व आरपीएफ एएसआई बलबीर प्रसाद ने किया। पूरी कार्रवाई पोस्ट कमांडर आरपीएफ टाटानगर और जीआरपी थाना प्रभारी की निगरानी में संपन्न हुई।
रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने मोबाइल और सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत आरपीएफ या जीआरपी को दें।
Read Also: JEE Advance : जेइइ एडवांस कल, जमशेदपुर के तीन केंद्रों पर होगी परीक्षा

