जमशेदपुर : देश के प्रतिष्ठित आइआइटी संस्थानों में प्रवेश दिलाने वाली जेइइ एडवांस 2026 की परीक्षा 17 मई को देशभर में आयोजित होगी। जमशेदपुर में इस बार परीक्षा के लिए तीन प्रमुख केंद्र बनाए गए हैं, जहां शहर और आसपास के जिलों के करीब 800 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी और सभी अभ्यर्थियों के लिए दोनों पेपरों में शामिल होना अनिवार्य होगा।
पहली पाली में पेपर-1 की परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। वहीं दूसरी पाली में पेपर-2 की परीक्षा दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर रिपोर्टिंग का समय सुबह 7 बजे निर्धारित किया गया है। सुबह 8:30 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
शहर में जिन केंद्रों पर परीक्षा आयोजित होगी उनमें गोविंद विद्यालय तामोलिया, क्रिएटिव कंप्यूटर याशिका स्पेस मॉल डिमना रोड मानगो तथा जयश्री इंफोटेक महिंद्रा सेंटर एमजीएम मेडिकल कॉलेज के पास शामिल हैं।

