
Jamshedpur : टाटा स्टील यूआईएसएल ने जल संरक्षण और अपशिष्ट जल के पुनर्चक्रण एवं पुनः उपयोग के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। कंपनी को ‘जीईईएफ ग्लोबल वाटरटेक अवार्ड्स 2026’ में ‘इंटीग्रेटेड वाटर एंड वेस्टवॉटर मैनेजमेंट कंपनी ऑफ द ईयर 2026’ का पुरस्कार मिला है। नई दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित अशोक होटल में शुक्रवार को आयोजित समारोह में कंपनी को यह सम्मान प्रदान किया गया। यह पुरस्कार ग्लोबल एनर्जी एंड एनवायरनमेंट फाउंडेशन (जीईईएफ) की ओर से दिया जाता है।
जल, अपशिष्ट जल और डिसेलिनेशन के क्षेत्र में बेहतर तकनीक, नवाचार, जल संरक्षण और सतत विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाली संस्थाओं को इस पुरस्कार के माध्यम से सम्मानित किया जाता है।
टाउनशिप के गंदे पानी को बना रहे उपयोगी
टाटा स्टील यूआईएसएल ने पुरस्कार के लिए टाउनशिप में सीवेज ट्रीटमेंट, पानी की रीसाइक्लिंग और दोबारा इस्तेमाल की अपनी पूरी प्रक्रिया को प्रस्तुत किया। कंपनी का प्रयास है कि टाउनशिप से निकलने वाले अपशिष्ट जल के अधिक से अधिक हिस्से को उपचारित कर दोबारा उपयोग में लाया जाए। ट्रीट किए गए पानी का इस्तेमाल औद्योगिक और उद्यानिकी कार्यों में किया जा रहा है। इससे नदी से ताजे पानी की जरूरत कम करने में मदद मिल रही है।
कंपनी की यह पहल इस्तेमाल किए जा चुके पानी को साफ कर दोबारा उपयोग में लाने पर आधारित है, जिसे जल तटस्थता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
नदी से ताजे पानी की निकासी कम करने पर जोर
अपशिष्ट जल के उपचार और पुनः उपयोग का सीधा लाभ ताजे पानी के संरक्षण के रूप में सामने आ रहा है। इससे ताजे पानी पर निर्भरता कम होने के साथ पानी की बर्बादी भी घटती है। टाटा स्टील और टाटा स्टील यूआईएसएल की अपशिष्ट जल प्रबंधन से जुड़ी कई श्रेष्ठ प्रथाओं को भी इस पुरस्कार के दौरान प्रस्तुत किया गया।
संयुक्त राष्ट्र के चार सतत विकास लक्ष्यों से जुड़ी पहल
कंपनी के अनुसार, पानी के पुनर्चक्रण और अपशिष्ट जल प्रबंधन से जुड़ी ये पहल संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) के अनुरूप हैं। इनमें लक्ष्य 6—स्वच्छ जल एवं स्वच्छता, लक्ष्य 9—उद्योग, नवाचार एवं अवसंरचना, लक्ष्य 11—सतत शहर एवं समुदाय तथा लक्ष्य 12—जिम्मेदार उपभोग एवं उत्पादन शामिल हैं।
इस पहल का उद्देश्य केवल गंदे पानी को साफ करना नहीं, बल्कि उपचारित पानी को दोबारा उपयोग में लाकर ताजे पानी की खपत और नदी से पानी लेने की जरूरत को कम करना है। जल संरक्षण और अपशिष्ट जल के प्रभावी पुनः उपयोग का यह मॉडल टाटा स्टील यूआईएसएल को जल प्रबंधन के क्षेत्र में अलग पहचान दिला रहा है।


