रांची/ पटना : झारखंड की राजधानी रांची से लेकर बिहार की राजधानी पटना तक बेटियों की सुरक्षा सवालों के घेरे में है। दो पड़ोसी राज्यों में हुई दो अलग-अलग घटनाओं ने सभ्य समाज के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं। दोनों मामलों में बेटियों से छेड़छाड़ की गई हैं। रांची की घटना में ऐसा व्यक्ति आरोपी है जिस पर देश की सुरक्षा की जिम्मेदारी है। वहीं पटना की घटना में होटल में रहने वाला एक युवक कटघरे में है। आश्चर्यजनक तथ्य यह है कि वारदात के समय बेटी अपने पिता के साथ थी। इन दोनों घटनाओं ने कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सिस्टम को दोबारा सोचने के लिए मजबूर कर दिया है।
रांची में युवती से अश्लील हरकत, आर्मी जवान गिरफ्तार
राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में एक युवती से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पारा मिलिट्री फोर्स के जवान को गिरफ्तार कर लिया। युवती ने लालपुर थाना में आवेदन देकर छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन कर संबंधित वीडियो को जब्त किया।
पुलिस ने आरोपी विनय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी जवान का वर्तमान पता यूनिट-1 बटालियन, राजपुताना रायफल, नामकुम रांची है। पुलिस ने कार्रवाई की सूचना यूनिट-1 बटालियन राजपुताना रायफल, नामकुम रांची के कमांडिंग ऑफिसर को भी दे दी है। मामले में आगे की जांच जारी है।
बिहार के होटल में पिता के सामने बेटी से छेड़खानी
पटना के होटल में युवती के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि पीड़ित युवती अपने पिता के साथ होटल में रुकी थी। इसी दौरान शनिवार की आधी रात होटल स्टाफ कमरे में घुसा और युवती को हाथ पकड़कर खींचने लगा। पिता की नींद खुली तो स्टाफ भाग गया। पीड़िता के पिता ने बताया कि घटना के बाद बगल में रह रहे भजीते को मामले की सूचना दी। मौके पर पहुंचकर उसने रुपसपुर थाने को सूचना दी। घटना की सूचना मिलने के बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस की टीम ने होटल के कमरों की तलाशी की। इस दौरान 4 लड़कियां और 4 लड़के शराब पीते मिले, जिन्हें पकड़कर पुलिस थाने ले गई। छेड़खानी करने वाले आरोपी सत्येंद्र (31) को गिरफ्तार किया गया है। दो और आरोपी हैं। उनकी गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है।
पॉलिटेक्निक की परीक्षा देने आई थी पटना
बेगूसराय की युवती अपने पिता के साथ पॉलिटेक्निक की परीक्षा देने पटना आई थी। एग्जाम देने के बाद वह रात 11 कालिकेट हिडेन विला होटल में कमरा लेकर रुकी थी। पीड़िता के पिता ने बताया कि, 1000 रुपए में कमरा बुक किया। कमरा नंबर-103 में हम दोनों ठहरे थे। मैं सो गया था। बेटी जगी हुई थी। कमरा अंदर से लॉक नहीं था। इसी बीच रात 12:48 बजे नशे में धुत होटल स्टाफ सत्येंद्र कुमार कमरे में घुसा। मेरी नींद खुली तो देखा कि उसने मेरी बेटी का हाथ पकड़ा है। मैंने उसे बोला क्या बात है, कौन हो तुम, कमरे में कैसे आ गए। इस पर उसने कहा कि बेल बजा रहे थे तो क्यों नहीं उठे आप। वो लड़की के बारे में पूछताछ करने लगा। मैंने जवाब में कहा- लड़की को लेकर कोई डाउट था तो कमरा बुक करते समय आधार कार्ड वेरिफाई कर लेते। मामले में होटल मालिक से भी पूछताछ की जाएगी।
शराब पीते 4 लड़के- 4 लड़कियां मिले
पीड़िता के पिता ने बताया कि घटना की सूचना भतीजे को दी। वह तुरंत होटल पहुंचा। भतीजे ने होटल के काउंटर पर पूछा- कमरे में कौन घुसा था। काउंटर पर बैठे स्टाफ ने कहा कि मालिक का ड्राइवर है। इसके बाद डायल-112 को फोन किया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और होटल के सभी कमरों की जांच की। जांच-पड़ताल के दौरान 4 लड़कियां और 4 लड़के शराब पीते मिले। पुलिस के पहुंचते ही होटल मैनेजर फरार हो गया। पुलिस लड़कियों और लड़कों को थाने ले गई।
लड़के-लड़कियों से हो रही पूछताछ
पुलिस ने होटल के कमरों की जांच की तो कमरों में सामान बिखरे थे। टेबल पर खाने-पीने की चीजें रखी हुई थीं। इसके अलावा कुछ आपत्तिजनक सामान भी मिले। पुलिस ने बताया कि पड़के गए लड़के-लड़कियों से पूछताछ की जा रही है।
मुख्य आरोपी सत्येंद्र गिरफ्तार
सिटी एसपी पश्चिमी भानु प्रताप सिंह ने कहा कि एक लड़की पॉलिटेक्निक का एग्जान देने अपने पिता के साथ आई थी। वह होटल में ठहरी थी। रात में एक व्यक्ति कमरे में घुसा और उसने लड़की के साथ छेड़खानी की। इसे लेकर रुपसपुर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। छेड़खानी करने वाला आरोपी सत्येंद्र (31) को गिरफ्तार किया गया है। दो और आरोपी हैं। उसकी गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है। होटल मालिक से भी पूछताछ की जाएगी।
Read Also: बकरीद को लेकर स्पेशल ब्रांच ने किया अलर्ट, पूर्व की घटनाओं का भी किया जिक्र

