RANCHI : राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र में रविवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। हिनू रजिस्ट्री ऑफिस के समीप स्थित महावीर मंदिर के मुख्य गेट पर युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में लटका हुआ पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। मृतक की पहचान लोअर हिनू निवासी सोनू कुमार उर्फ पांडु के रूप में हुई है। वह स्वर्गीय रमेश लोहरा के पुत्र थे। परिजनों के अनुसार सोनू के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में उनकी मां पिंकी देवी और तीन भाई-बहन हैं। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों ने मंदिर परिसर के गेट पर युवक का शव देखा, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना डोरंडा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल युवक की मौत के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो सका हैं। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आसपास के लोगों व परिजनों से पूछताछ की जा रही है।

