Jamshedpur : बीएड, एमएड और बीपीएड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा रविवार काे जमशेदपुर के 8 केंद्रों पर हुई। इस दौरान ग्रेजुएट कॉलेज परीक्षा केंद्र पर हंगामा देखने को मिला। करीब एक दर्जन से अधिक अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलने पर उन्होंने गेट के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब कुछ छात्र गेट पर चढ़ गए और परीक्षा में शामिल होने की मांग करने लगे।
हालांकि तैनात सुरक्षा कर्मियाें ने उन्हें नीचे उतार कर केंद्र के गेट से दूर किया।अभ्यर्थियों का आरोप है कि परीक्षा के लिए रिपोर्टिंग समय सुबह 10:15 बजे निर्धारित था, जबकि परीक्षा 10:30 बजे शुरू होनी थी। लेकिन वे सुबह 10.10 बजे केंद्र पर पहुंच गए थे फिर भी उन्हें अंदर प्रवेश नहीं दिया गया। छात्रों के अनुसार, गेट पर जांच और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया में अधिक समय लगने के कारण वे समय पर अंदर नहीं जा सके।
इस वजह से कई योग्य अभ्यर्थी परीक्षा देने से वंचित रह गए। घटना के बाद छात्रों में आक्रोश देखा गया और उन्होंने परीक्षा प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया।
3032 विद्यार्थी हुए शामिल
यह परीक्षा जमशेदपुर के 8 केंद्रों पर आयोजित हुई, इसमें कुल 3801 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 3032 उपस्थित हुए, जबकि 769 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस तरह कुल उपस्थिति दर लगभग 79.77 प्रतिशत और अनुपस्थिति दर 20.23 प्रतिशत दर्ज की गई। खास बात यह रही कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार के कदाचार का मामला सामने नहीं आया।
जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन किया गया, जहां सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
केंद्रवार उपस्थिति विवरण
परीक्षा केंद्र| कुल अभ्यर्थी, उपस्थित, अनुपस्थित
करीम सिटी कॉलेज, मानगो | 744, 582, 162
ग्रेजुएट स्कूल कॉलेज फॉर वीमेन, साकची | 729, 588, 141
दयानंद पब्लिक स्कूल, साकची | 648, 525, 123
जेकेएस इंटर कॉलेज ऑफ कॉमर्स, मानगो | 552, 438, 114
एबीएम कॉलेज, गोलमुरी | 408, 318, 90
श्यामा प्रसाद इंटर कॉलेज, टाटानगर | 384, 315, 69
उत्कल समाज इंटर कॉलेज, गोलमुरी | 336, 266, 70
वर्जन
परीक्षा के इंट्री से लेकर परीक्षा शुरू होने तक का समय निर्धारित है और यह परीक्षार्थियों को भी पता है। गेट अपने निर्धारित समय पर बंद हुआ ऐसे में अगर कोई बाहर रह गया तो यह उसकी गलती है। इसमें कॉलेज कुछ नहीं कर सकता था।
डॉ वीणा प्रियदर्शी, प्रिंसिपल ग्रेजुएट कॉलेज, जमशेदपुर
Read also – Jamshedpur Murder: मानगो में भगिना से मिलने गए युवक की सिर पर धारदार हथियार से वार कर हत्या

