स्पेशल डेस्क, नई दिल्ली : एलन मस्क अपने ही प्लेटफार्म एक्स पर एक कमेंट करने के चलते मुश्किल में फंस गए हैं। जब से एलन मस्क (Elon Musk) ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) का अधिग्रहण किया है, तब से ही मुसीबतें कंपनी का पीछा नहीं छोड़ रही हैं। अब एलन मस्क के एक कमेंट से नया बखेड़ा खड़ा हो गया है। दरअसल, X के मालिक एलन मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यहूदी विरोधी पोस्ट का समर्थन करते हुए एक कमेंट किया था। इस कमेंट से ऐपल (Apple), आईबीएम (IBM), डिज्नी (Disney), लायंसगेट (Lionsgate) और वार्नर ब्रदर्स (Warner Bros) सहित कई बड़ी टेक्नोलॉजी और मीडिया कंपनियों ने माइक्रोब्लॉगिंग साइट X पर अपने विज्ञापन रोकने का फैसला किया है। व्हाइट हाउस ने भी बयान जारी कर मस्क की आलोचना की है।
क्यों फंसे एलन मस्क?
एलन मस्क के मालिक बनने के बाद कई ब्रांड्स ने एक्स पर विज्ञापन रोके थे, हालांकि बाद में विज्ञापन की शुरुआत हो गई थी। अब ये खबर है कि एपल और डिज्नी ने एक्स पर अपने विज्ञापन रोक दिए हैं। यह पूरा बखेड़ा एलन मस्क के एक पोस्ट के बाद शुरू हुआ है। दरअसल मस्क ने एक्स पर एक यहूदी विरोधी पोस्ट को सपोर्ट करते हुए उसपर एक कमेंट किया। पोस्ट में बताया गया था कि ‘यहूदी लोग श्वेत लोगों के खिलाफ नफरत बढ़ाते हैं’। मस्क ने इस पोस्ट का समर्थन करते हुए कहा कि ‘यह बिल्कुल सच है’। मस्क द्वारा एक्स पर इस पोस्ट के समर्थन के बाद यूजर्स की काफी प्रतिक्रियाएं सामने आई और अब कई कंपनियां भी अपनी प्रतिक्रिया देती नजर आ रही हैं।
यूजर्स नाराज, व्हाइट हाउस ने भी की आलोचना
इस बीच, X यूजर्स के साथ – साथ टेस्ला इंक के कई शेयर होल्डर्स भी मस्क के खिलाफ हैं। उनका कहना है कि मस्क को पद से हटा देना चाहिए। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार यहूदी विरोधी साजिश को बढ़ावा देने के लिए व्हाइट हाउस ने भी मस्क की टिप्पणी की निंदा की और इसे “अस्वीकार्य” बताया। एक बयान में, व्हाइट हाउस के प्रवक्ता एंड्रयू बेट्स ने कहा कि “किसी भी समय अमेरिकी इतिहास में यहूदी विरोधी भावना दोहराना अस्वीकार्य था।” व्हाइस हाउस की तरफ से कहा गया है कि मस्क का जवाब अस्वीकार्य और यहूदी समुदाय को खतरे में डालने वाला है।
10 करोड़ डॉलर के विज्ञापन देने वाली कंपनी ऐपल ने उठाया कदम
ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के अनुसार, ऐपल ने एक्स पर विज्ञापन न देने का फैसला किया है। ऐपल एक्स का एक प्रमुख एडवर्टाइजर है। यह नवंबर 2022 तक हर साल 10 करोड़ डॉलर के विज्ञापन एक्स को दे रहा था। दोनों कंपनियों के बीच पहले से ही संबंध ठीक नहीं थे। अब मस्क के पोस्ट से बवाल और बढ़ गया है। एलन मस्क की टिप्पणी के बाद एप्पल समेत कई कंपनियां यह कदम उठा रही हैं। बता दें कि एलन मस्क टेस्ला कंपनी के मालिक हैं। वहीं मस्क की कंपनियों के पास स्पेस एक्सप्लोरेशन टेक्नोलॉजीज कार्पोरेशन समेत कई सरकारी कॉन्ट्रैक्ट भी हैं।
किन-किन कंपनियों ने रोके विज्ञापन?
एलन मस्क के इस विवादित रिप्लाई के बाद एप्पल के अलावा इंटरनेशनल बिजनेस मशीन्स कॉर्प, ओरेकल कॉर्प, कॉमकास्ट कॉर्प के एक्सफिनिटी ब्रांड और ब्रावो टेलीविजन ने अपने विज्ञापन रोक दिए हैं। आईबीएम ने कहा है कि स्थिति के कंट्रोल होने तक एक्स पर विज्ञापन बंद रहेगा। विवाद के बाद फिल्म स्टूडियो लायंसगेट, वार्नर ब्रदर्स और कॉमकास्ट/NBCUniversal ने एक्स पर विज्ञापन रोकने की घोषणा की। इसके अलावा द न्यूयॉर्क टाइम्स ने बताया कि Disney ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपने विज्ञापन रोकने का निर्णय लिया है। मोशन पिक्चर प्रोडक्शन और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के एक प्रवक्ता ने समाचार एजेंसी AFP को बताया, “एलॉन मस्क के हालिया यहूदी विरोधी ट्वीट के कारण लायंसगेट ने एक्स पर विज्ञापन रोक दिया है।“ पैरामाउंट ग्लोबल ने ऐलान किया कि वह अपने सभी विज्ञापन सस्पेंड कर रही है।
मस्क का जवाब: X पर स्वतंत्र भाषण का अधिकार
पूरे विवाद के बाद मस्क ने कहा है कि उनका प्लेटफॉर्म “स्वतंत्र भाषण के अधिकार की रक्षा” के लिए काम करता है और इसके लिए किसी भी व्यक्ति को आपत्तिजनक मानी जाने वाली चीजों को देखना या सुनना चाहिए। उन्होंने आगे मीडिया मैटर्स और अन्य मीडिया आउटलेट्स पर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को कमजोर करने का आरोप लगाया क्योंकि वे इसे अपने लिए खतरा मानते हैं। मस्क ने कहा, “एक्स हमेशा स्वतंत्र अभिव्यक्ति के अधिकार की रक्षा करेगा। हम एजेंडा चलाने वाले या यहां तक कि अपने स्वयं के मुनाफे के लिए भी इसे बाधित करने की अनुमति नहीं देंगे। एक्स पर हर किसी के लिए एक विकल्प है। एक्स पर यूजर और ब्रांड का नियंत्रण एक साल पहले की तुलना में बेहतर है। डेटा संबधित चीजों में काफी सुधार हुआ है। मीडिया मैटर्स एक्स पर यूजर्स के अनुभव को प्रतिबिंबित नहीं कर सकता है।”
READ ALSO : एआई सर्विसेस को बेहतर बनाने के लिए माइक्रोसॉफ्ट ने पेश की खुद की चिप, जानें इसकी खासियत

