जमशेदपुर : Jamshedpur Co Operative College : शहर में जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी के बाद अब जमशेदपुर में एक और यूनिवर्सिटी की स्थापना प्रक्रियाधीन है। दरअसल, जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज के यूनिवर्सिटी के रूप में तब्दील करने की कवायद फिर शुरू हो चुकी है। इस बार उम्मीद जताई जा रही है कि इस बरसों पुरानी मांग को पूर कर दिया जाएगा।

Jamshedpur Co Operative College : सरकार के पाले में गेंद
जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज को अपग्रेड कर यूनिवर्सिटी बनाए जाने को लेकर कॉलेज स्तर से लगभग सारी प्रक्रिया पूरी कर ली गयी है। छह महीने पहले ही इस संबंध में प्रस्ताव भेजा जा चुका है। फिलहाल सरकार के स्तर पर मामला लटका हुआ है। प्रस्ताव भेजे जाने के बाद अबतक इस कॉलेज को यूनिवर्सिटी बनाने की दिशा में राज्य सरकार की ओर से ध्यान नहीं दिया गया है।
Jamshedpur Co Operative College : उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की मिल चुकी मंजूरी
जानकारी के अनुसार करीब छह महीने पूर्व ही संबंधित प्रस्ताव यानी डीपीआर बना कर उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के पास भेज दिया गया था। उस पर विभाग ने भी स्वीकृति प्रदान कर दी है। अब प्रस्ताव को कैबिनेट की बैठक में प्रस्तुत किया जाना है। कैबिनेट की मंजूरी के पश्चात जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज को यूनिवर्सिटी का दर्जा प्राप्त हो जायेगा।
Jamshedpur Co Operative College : एलबीएसएम कॉलेज के अपग्रेडेशन का भी प्रस्ताव
जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज के अलावा करनडीह स्थित लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल (एलबीएसएम) कॉलेज को भी अपग्रेड किया जाना है। एलबीएसएम कॉलेज की ओर से भी प्रस्ताव दिया गया है। इस प्रस्ताव को भी कैबिनेट की मंजूरी का इंतजार है।
Jamshedpur Co Operative College : क्या है डीपीआर में
यूनिवर्सिटी व अपग्रेडेशन के लिए इन दोनों कॉलेजों की ओर से तैयार किये गये डीपीआर (Detailed Project Report) में प्रस्तावित प्रशासनिक भवन, कुलपति कक्ष, शैक्षणिक भवन, लाइब्रेरी, लैब, अगल-अलग विभाग, जिम्नाजियम, स्वीमिंग पुल, हॉस्टल आदि का प्रस्ताव शामिल किया गया है। जानकार बताते हैं कि करीब चार से छह सौ करोड़ रुपये का डीपीआर दोनों ही कॉलेजों की ओर से तैयार किया गया है, जिसे विभाग ने स्वीकृति प्रदान कर दी है।
जब तक प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, तब तक कुछ नहीं कहा जा सकता है। हां, इसे लेकर राज्य सरकार का दृष्टिकोण सकारात्मक है। उम्मीद है जल्द ही कॉलेजो को यूनिवर्सिटी का दर्जा प्राप्त होगा।
– डॉ अमर सिंह, प्राचार्य, जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज
Read Also-जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज में नहीं चलेगी मनमानी, एंटी रैंगिंग सेल गठित

