जमशेदपुर : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में आयोजित परिवर्तन महारैली को रविवार को संबोधित किया। मौसम खराब रहने के कारण वे यहां रांची से सड़क मार्ग से पहुंचे। जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड में तीन दुश्मन हैं। ये हैं जेएमएम, आरजेडी व कांग्रेस। झारखंड के निर्माण का बदला आरजेडी व कांग्रेस उतारती है। कांग्रेस पार्टी झारखंड से नफरत करती है। ये जेएमएस वालो ने आदिवासियों के वोट से अपनी राजनीति चमकाई। अब भी वे आदिवासियों की जमीनों पर कब्जा जमाने वाले के साथ खड़े हैं। दो दिन पहले ही झारखंड हाईकोर्ट ने घुसपैठ की जांच आदेश दिया। जेएमएम की सरकार नहीं मान रही हैं कि यहां कोई घुसपैठ हैं। कोल्हान की डेमोग्राफी चेंज हो रही है। घुसपैठिएं पंचायतों की व्यवस्था पर कब्जा कर रहे हैं। अत्याचार बढ़ रहा है। इस घुसपैठ के कारण हर झारखंडी असुरक्षित महसूस कर रहा है। सच्चाई यह है कि जेएमएम के लोग बांग्लादेशी व रोहिंग्या घुसपैठिएं के साथ खड़े हैं। ये घुसपैठिए जेएमएम को भी अपने कब्जे में लेते जा रहे हैं। जानते हैं ऐसा क्यों हुआ, क्योंकि जेएमएम में कांग्रेस का भूत घुस गया है।

झारखंड के नागरिकों को एकजुट होकर, बीजेपी को करना होगा मजबूत
पीएम मोदी ने झारखंड के विकास के लिए भाजपा को मौका देने का आहवान किया। कहा कि हमें एक बात साफ-साफ समझनी होगी जेएमएम एवं कांग्रेस जैसे दलों को आपका वोट नहीं चाहिए। ये दल मजहब के नाम पर लोगों को बांट रही है। यही समय है झारखंड के हरेक नागरिक को एकजुट होना होगा, भाजपा को मजबूत करना होगा। जेएमएस आदिवासी समाज का सम्मान नहीं करना चाहते हैं, पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन को भी झामुमो ने अपमानित किया। इससे आदिवासियों को चोट पहुंची है। सीता सोरेन को उनके ही परिवार ने अपमानित किया। इसका जवाब झारखंड का हर आदिवासी देगा। हर माता, हर बहन व हर बेटी देगी। झारखंड का निर्माण बड़े सपनों के लिए हुआ। इन सपनों एवं आदर्शो का क्या हुआ, यह सब भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई। देश का सबसे भ्रष्ट व महाभष्ट्र परिवार एक ही है, वह है कांग्रेस का परिवार। भ्रष्टाचार की सारी धाराएं वहीं से निकलती है। ये जेएमएम वाले भी उसी स्कूल से ट्रेनिंग लेते हैं। उस स्कूल का नाम है कांग्रेस स्कूल आफ करप्शन।
मजदूर बहाते हैं पसीना, मंत्रियों के पास से मिलते हैं नोट
पीएम मोदी ने कहा जेएमएम सरकार ने जल-जंगल-जमीन सबमें भ्रष्टाचार किया। एक और यहां का गरीब अन्य शहरों में जाकर एक-एक रूपये के लिए पसीना बहाता है। दूसरी तरफ इनके मंत्री के घरों एवं नौकरों के पास से करोड़ों रूपए बरामद होते हैं। आपको याद हैं न कैसे नोटों के पहाड़ झारखंड से निकले थे। ये आपका पैसा है, जिसे उन्होंने लूटकर कमाया हैं। इस चुनाव में झारखंड के खजाने को लूटने वालों का हिसाब करना आप सब की जिम्मेदारी है। इसमें आप सभी का साथ चाहिए। आज यहां झारखंड सरकार के संरक्षण में सेना की जमीन समेत बालू तक की लूट हो रही है। यहां के लोग बता रहे थे कि अपनी जमीन बचाने के लिए लोगों को बोर्ड लगाना पड़ता है यह जमीन बिकाऊ नहीं है। यह हालत जमशेदपुर जैसे शहरों तक में हैं।
झारखंड की वर्तमान सरकार को युवाओं कोई चिंता नहीं
पीएम मोदी ने कहा कि झामुमो बौखलाई हुई है। सत्ता जाने के डर से झूठ का पिटारा निकाल दिया है। भाजपाइयों को झूठे मुकदमें में फंसा रही है। बेरोजगारी भत्ता मिला क्या, शहरों में रोजगार मिला क्या, उल्टे ये योजना दो महीने में बंद हो गई। भर्ती परीक्षाओं के नाम पर 15 नौजवान की जान तक चली गई। इस सरकार की गलत व्यवस्था के कारण नौजावन अपनी जान गवां बैठे। प्रदेश सरकार संवेदनशील होने के बजाय उनके जख्मों को कुरदने लगी है। उन्होंने इन नौजवानों को श्रद्धांजलि दी। झारखंड में जब एनडीए सरकार बनेगी तो इन सारें मामलों की जांच करवाई जाएगी। जिम्मेवार लोगों को हर प्रकार से कानूनी शिकंजा में कसा जाएगा। झारखंड की वर्तमान सरकार को युवाओं को कोई चिंता नहीं है। इस सरकार ने कोई वादा पूरा नहीं किया। यहां पेपर लीक करने वालों को तरजीह दी जा रही है। ऐसी राज्य सरकार को हमें झारखंड से हटाना होगा। यह सरकार सिर्फ आपसे झूठे वायदे और झूठ बोल सकती है। गरीबों को पेट्रोल-डीजल मिल रहा क्या, क्योंकि यह झूठा दिलासा था। उसे भी दो महीने में बंद कर दिया गया। महिलाओं को पैसे देने के नाम पर तिकड़म लगाया जा रहा है।
वादा कर उसे पूरा भाजपा ही करती है
पीएम मोदी ने कहा कि वादे करना और उन्हें पूरा करना बीजेपी ही कर सकती है। हमने 20 करोड़ लोगों को पक्के मकान देने का वादा किया था। अब पक्के मकान मिलने लगे हैं। हर घर तक जल पहुंचा रहे हैं, किसानों को सम्मान दे रहे हैं। हम जो कहते हैं, वह करते हैं। कांग्रेस ने पिछले लोकसभा चुनाव में युवाओं को एक-एक लाख देने का वादा किया। जब यह राशि मांगने कांग्रेस के दफ्तार गई, वहां से महिलाओं को खदेड़ा गया। जेएमएम वाले भी जब-जब कुछ देने की बात करें तो सावधान हो जाइएं। उनकी ट्रेनिंग भी कांग्रेस से मिली है। महिला सम्मान, अबुआ आवास के नाम पर अवैध वसूली हो रही है। केंद्र सरकार की योजनाओं में भी पिछले दरवाजे से वसूली कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता झारखंड के विकास के लिए वोट करेगी। यह भीड़ बता रही है झाखंड में सत्ता परिवर्तन अवश्य होगा।
Read Also– प्रधानमंत्री का जमशेदपुर दौरा रद्द, रांची से वर्चुअल मोड में वंदे भारत को किया रवाना

