गोरखपुर : मोहद्दीपुर में आरबीके के पास शुक्रवार की देर रात दो बाइकों में जबरदस्त टक्कर हो गई। लगभग 11:45 बजे हुए इस भीषण हादसे में पिता और दो बेटियों सहित पांच की मौत हो गई, जबकि पत्नी और एक बेटा घायल हैं। वहीं, एक अन्य बाइक सवार दुर्घटनाग्रस्त बाइकों से टकराने के बाद ट्रक से भिड़कर घायल हो गया। दुर्घटना की सूचना पर पहुंची कैंट पुलिस ने तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
डीएम और एसपी ने अस्पताल पहुंच जाना हाल
जिलाधिकारी कृष्णा करुणेश और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों का हाल जाना। मृतकों की पहचान मोहद्दीपुर बिजली घर के पास रहने वाले विक्रांत, उनकी दो वर्षीय बेटी लाडो तथा एक साल की बेटी परी के रूप में हुई। इस हादसे में रुस्तमपुर के मोनू चौहान और बेतियाहाता हनुमान मंदिर के पास रहने वाले सूरज की भी मृत्यु हो गई।
ससुराल से पत्नी और बेटी संग लौट रहे थे विक्रांत
विक्रांत की पत्नी निकिता और पांच साल का बेटा अंगद घायल है। डाक्टरों ने दोनों की हालत नाजुक बताई है। वहीं तीसरे बाइक सवार घायल की पहचान चिन्मयानंद के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक देर रात 11:45 बजे सूरज और मोनू एक ही बाइक से मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे। विक्रांत अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ अपने ससुराल से बाइक से अपने घर मोहद्दीपुर बिजली कॉलोनी की तरफ जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मोहद्दीपुर में नहर रोड के पास विक्रांत ने बाइक मोड़कर नहर रोड की तरफ जाने का प्रयास किया। इसी बीच कूड़ाघाट की तरफ से आ रहे सूरज और मोनू की बाइक से टक्कर हो गई।

इस हादसे के बाद एक तीसरा बाइक सवार युवक भी जा टकराया
दुर्घटनाग्रस्त बाइकों से टकराने के बाद ट्रक से जा भिड़ा। पुलिस ने सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने पांच को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तीसरे युवक की पहचान उसके जेब से मिले आधार कार्ड से चिन्मयानंद मिश्रा के रूप में की है। पुलिस के अनुसार, मोनू एंबुलेंस चालक था और विक्रांत सफाईकर्मी के रूप में कार्यरत था। हादसे की सूचना पर अस्पताल पहुंचे मृतक के स्वजनों में कोहराम मच गया।
मानी होती बात तो…
अस्पताल पहुंचे विक्रांत के ससुराल वालों ने कहा- हम लोगों ने खाना खाने के बाद विक्रांत को घर पर ही रुकने का कहा था, लेकिन उनका घर शहर में ही है। इसलिए वह पत्नी और बेटियों के साथ निकल लिए और हादसा हो गया। अगर उन्होंने हमारी बात मान ली होती तो यह हादसा नहीं होता। बच्चियों की नानी का रो-रो कर बुरा हाल है। वह रोते हुए कह रही थीं कि अब शादी में कौन नाचेगा। परिजनों ने बताया कि लाडो शादी में डांस करने को लेकर काफी उत्सुक थी।
Read Also: Sonpur Mela : भूमि सर्वेक्षण में हो रही समस्याओं का समाधान, गांव का नक्शा अब इस मेला से प्राप्त करें

