गोरखपुर : नगर निगम ने आय बढ़ाने और नागरिक सुविधाओं को सुधारने के लिए एक नए कामर्शियल काम्प्लेक्स के निर्माण का निर्णय लिया है। यह काम्प्लेक्स ट्रांसपोर्टनगर में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे बनेगा, यहां इसके निर्माण पर 23 करोड़ 47 लाख 21 हजार रुपये खर्च होंगे। इस पांच मंजिला काम्प्लेक्स के ऊपरी तल पर आयोजनों के लिए एक विशाल हॉल होगा, जिसे लुलु मॉल केरल और सेंट्रल स्क्वायर मॉल एर्नाकुलम की तर्ज पर डिजाइन किया जाएगा।

काम्प्लेक्स का निर्माण जल निगम की कार्यदाई संस्था कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज (सीएंडडीएस) द्वारा किया जाएगा और शासन ने इसके निर्माण के लिए 11 करोड़ 85 लाख 34 हजार 105 रुपये जारी कर दिए गए हैं। नगर निगम ने मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत इस काम्प्लेक्स के निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा था। काम्प्लेक्स में 37 चार पहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था भी होगी।
1645 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बनेगा काम्प्लेक्स
इस काम्प्लेक्स का निर्माण 1645 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में किया जाएगा और इसकी ऊंचाई 18 मीटर होगी। नगर निगम की यह भूमि पहले लंबे समय से कब्जे में थी, जिसे नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने कब्जा मुक्त कराकर काम्प्लेक्स के निर्माण के लिए दिया।
काम्प्लेक्स के डिजाइन में कुल छह मंजिलें बेसमेंट, ग्राउंड, फर्स्ट, सेकेंड, थर्ड और टेरेस होंगी। इसके अलावा, बाबीना होटल के पास भी एक नया कामर्शियल काम्प्लेक्स बनेगा, जिसका निर्माण प्राइवेट पब्लिक पार्टनरशिप के तहत किया जाएगा। इस काम्प्लेक्स का संचालन 30 वर्षों तक प्राइवेट एजेंसी करेगी, और उसके बाद यह नगर निगम को हस्तांतरित हो जाएगा।
नगर आयुक्त ने बताया कि ट्रांसपोर्टनगर एक प्रमुख व्यावसायिक स्थल है, जहां इस काम्प्लेक्स के निर्माण से नगर निगम को आय प्राप्त होगी, साथ ही व्यापारियों को एक शानदार स्थान मिलेगा। काम्प्लेक्स में फूड कोर्ट और मनोरंजन की सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी, जिससे यहां व्यापारिक गतिविधियाँ बढ़ेंगी।
Read Also: Maha Kumbh 2025: महाकुंभ जा रहे तो जान लें नए दिशा-निर्देश, नहीं उठानी पड़ेगी परेशानी

