पटना: बिहार में होली के दिन मातम पसर गया। विभिन्न जिलों में अलग-अलग हादसों में 21 लोगों की जान चली गई। मधुबनी, बेगूसराय और सीतामढ़ी में सबसे अधिक चार-चार लोगों की मौत हुई है। वहीं मुजफ्फरपुर में 3, मुंगेर में 2, सुपौल में 2, समस्तीपुर और मोतिहारी में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। बिहार के कई जिलों में शुक्रवार को होली मनाई गई थी। वहीं कुछ जिलों में शनिवार 15 मार्च को होली मनाई गई।
मुंगेर में ASI समेत दो की हत्या:
शुक्रवार को मुंगेर में डायल 112 पर मिली शिकायत के बाद पुलिस विवाद सुलझाने के लिए नंदलालपुरा गांव गए एएसआई पर शराबी परिवार ने हमला कर दिया। धारदार हथियार से कई वार किए गए। गंभीर रूप से जख्मी एएसआई संतोष कुमार सिंह की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं मुफस्सिल थाना क्षेत्र में गाना बजाने को लेकर दो पक्षों में गोलीबारी हुई, जिसमें एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
मधुबनी में 4 की मौत:
मधुबनी के बेनीपट्टी प्रखंड के दहिला गांव में होली के दिन एक दर्दनाक घटना घटी। चार लड़कियां होली खेलकर नहाने के लिए नदी गईं, जहां वे डूब गईं। इस हादसे में दो सगी बहनें और उनकी दो सहेलियां डूबकर जान गंवा बैठीं। यह घटना गांव में भारी शोक का कारण बन गई।
बेगूसराय में अलग-अलग घटनाओं में 4 की मौत
बेगूसराय में अलग-अलग घटना में चार लोगों की जान चली गई। पहली घटना मल्हीपुर गंगा घाट की है, जहां गंगा नदी में नहाने के दौरान दो किशोर की डूबने से मौत हो गई। वहीं, बेगूसराय थाना क्षेत्र के खांजहांपुर पंचायत में नहाने के दौरान एक बच्ची की डूबने से मौत हो गई।
सीतामढ़ी, शिवहर में 4 की मौत:
सीतामढ़ी में स्कॉर्पियो की ठोकर से एक ही गांव के दो लोगों की मौत हो गई। वहीं शिवहर के पिपराही थाना क्षेत्र के डुब्बा नदी धनकोल तटबंध के पास एक व्यक्ति की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना शख्स के पत्नी और बच्चों के आंखों के सामने हुई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई है। वहीं, तरियानी थाना क्षेत्र के मोतनाजे गांव में स्नान के दौरान ही बागमती नदी में डूबने से किशोर की मौत हो गई।
सुपौल में सड़क हादसा:
सुपौल जिले में होली के दिन एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। दोनों की बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा, तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। यह हादसा त्रिवेणीगंज-जदिया सड़क मार्ग पर हुआ।
मुजफ्फरपुर में सड़क हादसा
मुजफ्फरपुर में भी होली के दिन एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। अहियापुर थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर चौक के पास एक अज्ञात वाहन ने दो बाइकों में जोरदार टक्कर मारी, जिससे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में बाइक के परखच्चे उड़ गए थे।
समस्तीपुर में सड़क दुर्घटना:
समस्तीपुर जिले के वारिसनगर थाने के किशनपुर रेलवे स्टेशन के पास एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। युवक की बाइक असंतुलित होकर एक दुकान से टकरा गई, और घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
मोतिहारी में हत्या :
पूर्वी चंपारण के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को पुराने विवाद को लेकर खूनी झड़प हुई, जिसमें एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया, और पुलिस ने आरोपी के घर को घेरकर मामले को शांत किया। इस हत्या में तीन अन्य लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने आरोपी मुखिया समेत 12 लोगों को गिरफ्तार किया है।
Read Also – Jamshedpur Road Accident : स्कूटी और अज्ञात कार की टक्कर, लोयोला स्कूल के छात्र की मौत

