Home » Jharkhand Road Accident: खूंटी में दो सड़क हादसों में दो युवकों की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

Jharkhand Road Accident: खूंटी में दो सड़क हादसों में दो युवकों की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

खूंटी : झारखंड के खूंटी जिले में मंगलवार को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में भीषण सड़क हादसे हुए। इन दुर्घटनाओं में जहां दो युवकों को अपनी जान गंवानी पड़ी, वहीं दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामलों की जांच में जुट गई है।

तपकरा में बाइक और स्कूटी की भिड़ंत, दो की मौत

पहला दर्दनाक हादसा तपकरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत तपकरा-बरदा मार्ग पर मंगलवार की शाम को हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक मोटरसाइकिल और स्कूटी के बीच आमने-सामने की टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। इस भीषण हादसे में बाइक चला रहे बरदा निवासी अनुज गुड़िया की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं स्कूटी चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही तपकरा थाना पुलिस ग्रामीणों की मदद से तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों को अविलंब तोरपा स्थित रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। समाचार लिखे जाने तक मृत स्कूटी चालक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस उसकी शिनाख्त करने के प्रयास कर रही है। फिलहाल दोनों शवों को पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं के लिए तोरपा अस्पताल में रखा गया है।

कर्रा में स्कॉर्पियो से टकराई बाइक, दो गंभीर

दूसरा सड़क हादसा कर्रा थाना क्षेत्र में कर्रा-खूंटी मुख्य मार्ग पर कटहल टोली के पास मंगलवार को ही घटित हुआ। मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो युवक कर्रा चौक से रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कटहल टोली के समीप उनकी तेज रफ्तार बाइक सामने से आ रही एक स्कॉर्पियो गाड़ी से टकरा गई।

टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। स्थानीय ग्रामीणों और कर्रा थाना पुलिस के सहयोग से घायलों को तुरंत कर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। घायलों की पहचान सांगोर गांव निवासी बंधना होरो और मदुधामा निवासी सुखु हेमरोम के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बताया कि बंधना होरो के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। दोनों की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए खूंटी सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

Read Also: West Singhbhum News : किरीबुरू में बाइक दुर्घटना में युवक की मौत, युवती गंभीर रूप से घायल 

 

 

Related Articles

Leave a Comment