
रांची : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मंगलवार को सर्जन वाइस एडमिरल आरती सारिन ने रांची स्थित लोक भवन में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर आरती सारिन ने राज्यपाल को बताया कि मुख्यालय पूर्वी कमान एवं मुख्यालय 111 एरिया के तत्वावधान में 15 से 19 जून तक रांची के नामकुम स्थित सैन्य चिकित्सालय में एक विशेष नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
यह शिविर आर्मी हॉस्पिटल (रिसर्च एंड रेफरल), नई दिल्ली की विशेषज्ञ टीम के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। शिविर में भूतपूर्व सैनिकों, उनके आश्रितों, जनजातीय समुदाय के लोगों तथा आम नागरिकों को नेत्र परीक्षण, परामर्श और विभिन्न प्रकार की नेत्र चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के मेगा चिकित्सा शिविर समाज के विभिन्न वर्गों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि इससे दूरस्थ और जरूरतमंद लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी। यह भी कहा कि ऐसे आयोजन स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने के साथ-साथ जनकल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।
राज्यपाल से ‘पॉलिथीन मुक्त अभियान’ से जुड़े प्रतिनिधिमंडल ने की भेंट
राज्यपाल से मंगलवार को रामगढ़ निवासी उपेंद्र पांडेय सहित प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्यों ने रांची स्थित लोकभवन में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने ‘पॉलिथीन मुक्त अभियान’ के तहत किए जा रहे जन-जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण संबंधी प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को बताया कि वे लोगों को प्लास्टिक पॉलिथीन के उपयोग से बचने के लिए प्रेरित कर रहे हैं और इसके स्थान पर कपड़े एवं पर्यावरण-अनुकूल झोलों के उपयोग को बढ़ावा दे रहे हैं। इसके साथ ही ‘सेल्फी विद झोला’ अभियान के माध्यम से भी आम लोगों में जागरूकता फैलाने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि वे विभिन्न विद्यालयों में जाकर विद्यार्थियों और शिक्षकों को पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विषयों पर जागरूक कर रहे हैं तथा दैनिक जीवन में कपड़े के झोले के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
राज्यपाल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण के निर्माण में जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जन-जागरूकता अभियान समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायी हैं और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
Read Also: Tata Nagar Railway Station : टाटानगर स्टेशन से मोबाइल चोरी करने वाला चोर गिरफ्तार, दो मोबाइल बरामद

