RANCHI (JHARKHAND): झारखंड सरकार ने राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों में यूट्यूबर्स और बिना अनुमति काम कर रहे मीडियाकर्मियों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने इस संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा कि ऐसे लोगों को अस्पताल परिसर में वीडियो शूटिंग या रिपोर्टिंग की अनुमति नहीं दी जाएगी।
मंत्री ने कहा कि कुछ यूट्यूबर्स और अनधिकृत मीडिया कर्मी अस्पतालों की छवि खराब करने वाले वीडियो बना रहे हैं, जिससे न केवल संस्थानों की साख को नुकसान पहुंचता है बल्कि मरीजों की निजता और गरिमा भी प्रभावित होती है। उन्होंने सभी अस्पताल प्रशासन को ऐसे व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों से निगरानी प्रणाली को और मजबूत करने तथा प्रवेश नियंत्रण को सख्त बनाने को भी कहा है, ताकि भविष्य में इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके। यह कदम अस्पतालों में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने और मरीजों को सुरक्षित व सम्मानजनक उपचार का माहौल देने के उद्देश्य से उठाया गया है।

