रामगढ़ : झारखंड के रामगढ़ जिले में पिछले 36 घंटे से हो रही मूसलधार बारिश के कारण दामोदर और भैरवी नदियों का जलस्तर खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने अगले 72 घंटों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। नदी किनारे के क्षेत्रों में पानी भरने से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
रजरप्पा में दामोदर-भैरवी का बना संगम, दुकानों में घुसा पानी
बारिश के चलते रजरप्पा में दामोदर और भैरवी नदियों का जलस्तर एकसमान हो गया है, जिससे दोनों नदियों का संगम बन गया है। मां छिन्नमस्तिका मंदिर परिसर में लगी दुकानों में पानी घुस गया है, और कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों को हटा लिया है। नदी का जलस्तर तांत्रिक घाट तक पहुंच चुका है, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो गई है।
श्रद्धालुओं और नागरिकों से की गई अपील
रामगढ़ जिला प्रशासन ने आम नागरिकों और श्रद्धालुओं से नदी के किनारे नहीं जाने की सख्त अपील की है। मंदिर न्यास समिति के पदाधिकारियों ने भी श्रद्धालुओं को सावधानी बरतने की सलाह दी है। कुछ श्रद्धालु भैरवी नदी पर बहते पानी में सेल्फी लेने की कोशिश कर रहे थे, जिन्हें समिति के सदस्यों ने समय रहते रोका। समिति ने चेतावनी दी है कि नदी में नहाने या फोटो खिंचवाने के दौरान हादसे की आशंका बनी रहती है। कई बार श्रद्धालुओं का पैर फिसलने से जानमाल की हानि हो चुकी है।

