Jamshedpur News : शहर के आदर्श नगर फेज-7 और आसपास के इलाकों में बारिश के बाद उत्पन्न जलजमाव की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों की शिकायतों पर प्रशासन ने संज्ञान लिया है। रविवार को जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) की टीम ने क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर नई नाली निर्माण के लिए सर्वे किया।
हाल ही में हुई तेज बारिश के कारण आदर्श नगर में जल निकासी बाधित हो गई थी, जिससे सड़कों और घरों में पानी भरने की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। स्थानीय निवासियों ने इस समस्या को लेकर कई बार प्रशासन से शिकायत की थी।
रविवार को जेएनएसी के एसडीओ संजय सिंह, सहायक अभियंता सचिन झा और सिटी मैनेजर जय गुड़िया की टीम ने विधायक सरयू राय के जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा, आशुतोष राय, मुकेश कुमार, रवि ठाकुर, हरे राम सिंह और रंजीत प्रसाद के साथ आदर्श नगर फेज-7 का दौरा किया।
निरीक्षण के दौरान सोसाइटी के अध्यक्ष और अन्य नागरिकों ने जलनिकासी को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा ने शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाते हुए बताया कि जलजमाव की समस्या के स्थायी निदान के लिए इलाके में एक नई नाली का निर्माण कराया जाएगा।
निरीक्षण दल ने नाली निर्माण के लिए उपयुक्त स्थल का चयन किया और तकनीकी टीम को जल्द से जल्द योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
यह पहल इलाके के लोगों को जलजमाव से राहत दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। लेकिन, लोगों का कहना है कि जेएनएसी और मानगो नगर निगम सिर्फ असरदार लोगों के कहने पर उनके इलाके में ही काम कर रहे हैं। ऐसा नहीं करना चाहिए। शहर के आम लोग भी होल्डिंग टैक्स देते हैं। उनके इलाके में भी नाली निर्माण, नाले की सफाई और जल निकासी के प्रबंध होने चाहिए। मानगो में न्यू पुरुलिया रोड का नाला 10 साल से साफ नहीं हुआ है। इसे साफ कराने की मांग जोरशोर से उठ रही है। मगर, मानगो नगर निगम और प्रशासनिक अधिकारी हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं।
Read also Jamshedpur News : सीबीआई ने जमशेदपुर समेत झारखंड-बिहार के सात ठिकानों पर की छापेमारी, 100 करोड़ के जीएसटी घोटाले का खुलासा

