Jamshedpur (Jharkhand) : जमशेदपुर के सोनारी स्थित आदर्श गृह निर्माण स्वावलंबी समिति (लि.) का बहुप्रतीक्षित चुनाव आखिरकार रविवार को संपन्न हो गया। इसके साथ ही इस चुनाव में सत्ता परिवर्तन भी हुआ। 40 वर्षों से समिति की कमान संभाल रहे वाईएन यादव समर्थित पैनल को इस बार करारी हार का सामना करना पड़ा, जबकि विरोधी खेमे के नेता धनंजय डे और उनकी टीम ने सभी 11 सीटों पर जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया।
कुल 25% मतदान, शाम तक जीत का जश्न
यह चुनाव रविवार को भारत सेवा श्रम संघ स्कूल परिसर, सोनारी में डीसी की निगरानी में संपन्न हुआ। मतदान सुबह 10 बजे शुरू हुआ और 3 बजे तक चला। इसके बाद शाम को रिजल्ट की घोषणा की गई। करीब 2500 सदस्यों वाली समिति में 623 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, यानी कुल 25% मतदान दर्ज किया गया।
दिग्गज चेहरे हारे, नई टीम ने किया क्लीन स्वीप
वाईएन यादव समर्थित पैनल से हारने वाले प्रमुख चेहरों में बाबू माझी (पूर्व विधायक सनातन माझी के पुत्र), मधु सिंह (संस्थापक सदस्य रामजनम सिंह की बहु), ओपी सिंह राणा, विनोद सिंह व अन्य शामिल हैं। इस जीत पर विजयी खेमे के नेता धनंजय डे ने कहा, “यह बुराई पर अच्छाई की जीत है। अब सोसाइटी भ्रष्टाचार मुक्त होकर सर्वांगीण विकास की ओर बढ़ेगी।”
चुनाव में रही प्रशासन की कड़ी निगरानी, डीसी ने खुद किया निरीक्षण
चुनाव के दौरान जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। स्कूल परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया था। खुद जिले के डीसी ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया और व्यवस्था की समीक्षा की। हालांकि, सुबह करीब 11:45 बजे के आसपास विरोधी खेमे ने फर्जी मतदाताओं के आने का आरोप लगाया, लेकिन अधिकारियों ने स्थिति को स्पष्ट करते हुए मामला शांत कर दिया।
हार की भनक लगते ही निकल पड़े पुराने पैनल के उम्मीदवार
जब मतगणना में हार की स्थिति सामने आने लगी तो वाईएन यादव समर्थित उम्मीदवारों ने चुपचाप मतदान केंद्र छोड़ दिया, जबकि विजयी टीम के समर्थकों ने जोरदार जश्न मनाया। यह जश्न न केवल मतदान केंद्र के बाहर बल्कि सोसाइटी परिसर में भी देखा गया।
वाईएन यादव ने दी बधाई, बोर्ड गठन के लिए आमंत्रण
पूर्व बोर्ड डायरेक्टर और चीफ एक्जीक्यूटिव ऑफिसर वाईएन यादव ने अपनी हार स्वीकार करते हुए धनंजय डे व टीम को बधाई दी और झारखंड सेल्फ स्पोर्टिंग कोऑपरेटिव सोसाइटीज एक्ट, 1916 और अमेंडमेंट एक्ट 2025 के तहत नए बोर्ड गठन के लिए आमंत्रित किया।
Read also : चाईबासा में होमगार्ड भर्ती परीक्षा की तिथि घोषित, जानें-कब से होगी शुरुआत व प्रखंडवार तिथि

