लातेहार : रविवार की सुबह लातेहार जिला मुख्यालय में उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक जंगली हाथी शहरी क्षेत्र में घुस आया। बताया जा रहा है कि यह हाथी पिछले दो-तीन दिनों से अलग-अलग प्रखंडों में आतंक मचाने के बाद अब शहर तक पहुंच गया है। हाथी ने कई घरों और बाउंड्री की दीवारों को क्षतिग्रस्त किया, साथ ही रेलवे ट्रैक पर भी भ्रमण करता देखा गया।
गांवों में तोड़फोड़ के बाद अब शहर में कर रहा उत्पात
शनिवार की रात यह हाथी लातेहार सदर प्रखंड के बेसरा गांव में देखा गया था, जहां इसने दो ग्रामीणों के घरों को ध्वस्त कर दिया। ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचित किया और खुद भी हाथी को भगाने में जुटे। मुखिया संजय उरांव के नेतृत्व में हाथी को गांव से बाहर खदेड़ने में सफलता मिली, लेकिन रविवार सुबह यह हाथी सीधे जिला मुख्यालय पहुंच गया।
Latehar News : घर में घुसकर खाया अनाज, फिर दौड़ा स्टेशन रोड की ओर
जिला मुख्यालय में घुसते ही हाथी ने एक ग्रामीण के घर का गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अनाज को खा गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, हाथी ने धर्मपुर मोहल्ले में एक व्यक्ति के घर की चारदीवारी को भी तोड़ दिया। हल्ला मचने पर हाथी औरंगा नदी की ओर भागा, लेकिन कुछ ही देर में फिर लौट आया और इस बार स्टेशन रोड की ओर चला गया। इससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
हाथी को देखने उमड़ी भीड़ बनी वन विभाग के लिए सिरदर्द
हाथी की खबर मिलते ही उसे देखने के लिए भारी संख्या में लोग उमड़ पड़े। वन विभाग की टीम हाथी को जंगल की ओर खदेड़ने में जुटी रही, लेकिन भीड़ के कारण हाथी बुरी तरह से डिस्टर्ब हो रहा था और शहर में ही इधर-उधर भाग रहा था।
Latehar News : वन विभाग ने की अपील: छेड़छाड़ न करें, रास्ता छोड़ें
वन क्षेत्र पदाधिकारी नंदकुमार महतो ने बताया कि विभाग पूरी सतर्कता से हाथी को सुरक्षित जंगल में ले जाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे हाथी से छेड़छाड़ न करें और उसे भागने का रास्ता दें। यदि हाथी उग्र हो गया तो जान-माल की भारी क्षति हो सकती है।
Read Also- Elephant Attack: पंडारशोली में जंगली हाथी ने एक ग्रामीण को पटक कर मार डाला

