Jamshedpur News : झारखंड की सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान भगवान सिंह और महासचिव गुरुचरण सिंह बिल्ला पर यौन शोषण के आरोप लगने के बाद सिख समाज में उबाल आ गया है। सिख समाज के लोगों ने मंगलवार को डीसी ऑफिस में धरना-प्रदर्शन कर पूरे मामले की जांच की मांग की है। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौजूद थीं। महिलाओं ने भगवान सिंह निर्दोष हैं के नारे लगाए। बाद में डीसी और एसएसपी ऑफिस में ज्ञापन सौंप कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है और साथ ही कहा गया है कि इस साजिश को रचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
सिख समाज के लोगों ने कहा कि भगवान सिंह और गुरुचरण सिंह बिल्ला को बदनाम करने और उनकी छवि को धूमिल करने के लिए एक सोची-समझी साजिश रची जा रही है। आरोप है कि एक महिला द्वारा इन दोनों पदाधिकारियों पर यौन शोषण का आरोप लगाकर न्यायालय में शिकायत वाद दर्ज कराया गया है।
कमेटी की ओर से यह स्पष्ट किया गया है कि समाज के ही कुछ असामाजिक तत्व दोनों पदाधिकारियों से गलत कार्य करवाना चाहते थे, लेकिन जब उन्होंने ऐसे कार्य करने से स्पष्ट इनकार कर दिया, तो उनके खिलाफ षड्यंत्र रचा गया। बताया गया है कि चार से पांच लोगों के समूह ने जानबूझकर इस मामले को हवा दी है ताकि सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की साख को नुकसान पहुंचाया जा सके।
कमेटी ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही यह आश्वासन दिया गया है कि जांच में कमेटी पूरी तरह से प्रशासन का सहयोग करेगी।
समिति ने प्रशासन से अपील की है कि झूठे आरोपों के पीछे छिपे षड्यंत्र को उजागर कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि समाज में व्याप्त असामाजिक तत्वों का मनोबल न बढ़े और धार्मिक संस्थानों की गरिमा बनी रहे।
Read also Jamshedpur News: बागबेड़ा से लापता दो बहनें रेलवे कॉलोनी से सकुशल बरामद, दलमा चली गई थीं

