हरिद्वार : हरिद्वार के प्रसिद्ध मनसा देवी मंदिर में रविवार को दर्शन के दौरान भीषण भगदड़ मच गई, जिसमें 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है। पुलिस और प्रशासन की टीमें घायलों को तत्काल *हरिद्वार के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती करा रही हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस वक्त हुआ, जब मंदिर मार्ग पर हाईवोल्टेज तार अचानक टूटकर गिर गया। उस समय मंदिर परिसर और मार्ग पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु सावन माह के अंतिम रविवार पर दर्शन के लिए मौजूद थे। तार गिरते ही भगदड़ मच गई और अफरा-तफरी में कई लोग कुचले गए।
गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडे ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया, ‘मनसा देवी मंदिर में अत्यधिक भीड़ के कारण भगदड़ मच गई। इस घटना में छह लोगों की जान चली गई है। मैं खुद घटनास्थल के लिए रवाना हो रहा हूं। विस्तृत जांच रिपोर्ट जल्द उपलब्ध कराई जाएगी’।
घटना के बाद पुलिस प्रशासन पर भीड़ प्रबंधन में चूक के आरोप भी लग रहे हैं। मंदिर क्षेत्र में *सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में घटना के बाद आक्रोश और शोक का माहौल है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया है और कहा गया है कि घायलों का इलाज सरकार द्वारा कराया जाएगा।

